सावधान : 5 राज्यों में फैला ओमिक्रोन वायरस, अभी तक मिले 21 संक्रमित

0
457

नई दिल्ली (महानाद) : दुनियाभर में खतरा बन चुका कोरोना का नये वैरिएंट ओमिक्रोन (Omicron Virus) ने भारत में भी दस्तक दे दी है। देश के कई हिस्सों में ओमिक्रोन संक्रमित मरीज मिलने से सरकार की चिंता बढ़ गई है। राजस्थान के जयपुर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, गुजरात तथा देश की राजधानी दिल्ली में ओमिक्रोन वैरिएंट पहुंच चुका है।

ओमिक्रोन संक्रमित मरीज मिलने के बाद सरकारों द्वारा कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग बढ़ा दी गई है। सभी मरीजों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। देशभर में ओमिक्रोन के अब तक 21 मरीज सामने आ चुके हैं।

Advertisement

बता दें कि राजस्थान के जयपुर में ओमिक्रोन वायरस के अब तक सबसे ज्यादा 9 मरीज मिले हैं। यहां दक्षिण अफ्रीका से एक परिवार के लौटने के बाद सैंपल लेकर जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे, जिसमें 9 लोगों के संक्रमित होने की बात सामने आई है। 7 दिन पहले दक्षिण अफ्रीका से जयपुर लौटे एक परिवार के 4 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसमें माता-पिता, उनकी 15 व 8 साल की दो बेटियां हैं। चिकित्सा सचिव वैभव गालरिया ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका से आए परिवार और उनके कॉन्टैक्ट में आए 34 लोगों के सैंपल लिए गए थे, जिनमें से 5 और लोगों में ओमिक्रोन का संक्रमण पाया गया है।

उधर, महाराष्ट्र में ओमिक्रोन से संक्रमित मरीजों की संख्या 8 हो गई है। रविवार को यहां 7 नए मामले सामने आए हैं। इसमें नाइजीरिया से लौटे एक ही परिवार के 6 लोग शामिल हैं। इनमें 44 साल की एक महिला अपनी दो बेटियों के साथ 24 नवंबर को नाइजीरिया से आई थी। ये लोग पिंपरी-चिंचवड़ नगर पालिका क्षेत्र में अपने भाई के घर आए हुए थे। महिला के अलावा उसकी उसकी 18 व 12 साल की दो बेटियां भी पॉजिटिव पाई गई हैं, जबकि महिला का भाई और उसकी 7 साल और 1.5 साल की बेटी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई हैं। नाइजीरिया से आने के बाद महिला 13 लोगों से मिली थी। सभी की जांच कराई गई है।

पुणे की नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी के अनुसार मरीजों में ओमिक्रोन की पुष्टि हुई है। वहीं, पुणे के ही एक 47 साल के व्यक्ति में भी ओमिक्रोन संक्रमण पाया गया है।

आपको बता दें कि देश में पहला और दूसरा ओमिक्रोन संक्रमण का का केस कर्नाटक के बैंगलुरु में मिला था। 66 साल के एक व्यक्ति ओमिक्रोन वैरिएंट से संक्रमित पाए गए थे। वे साउथ अफ्रीका से दुबई होते हुए भारत लौटे थे। 20 नवंबर को एयरपोर्ट से उनका सैंपल लिया गया था।जबकि ओमिक्रोन से संक्रमित 46 साल के दूसरे व्यक्ति ने ओमिक्रोन से प्रभावित किसी देश की यात्रा नहीं की थी। न ही वे पहले मरीज के संपर्क में आए थे। जबकि ओमिक्रोन से संक्रमित दूसरे शख्स के संपर्क में आए 5 लोग भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। लेकिन अभी उनमें ओमिक्रोन वैरिएंट की पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं, भारत में ओमिक्रोन का संभावित तीसरा मामला गुजरात के जामनगर में मिला है। अफ्रीकी देश जिम्बाब्वे से जामनगर लौटे एक व्यक्ति में ओमिक्रोन वैरिएंट मिला है। संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए सभी लोगों की टेस्टिंग और ट्रेसिंग की जा रही है।बताया जा रहा है कि ओमिक्रो से संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में 10 लोग आए हैं। सभी को क्वारंटाइन कर दिया गया है।

उधर, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन ने देश की राजधानी दिल्ली में भी ओमिक्रोन के एक मरीज मिलने की पुष्टि की है। सत्येंद्र जैन ने बताया कि विदेश से आए 12 लोगों के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे। जिसमें से 11 लोगों को सामान्य कोरोना है, लेकिन 12वां व्यक्ति ओमिक्रॉन पॉजिटिव है। यह व्यक्ति अफ्रीकी देश तंजानिया से भारत आया था। इसके संपर्क में आए 6 लोगों के सैंपल लेकर जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं।

सत्येंद्र जैन ने बताया कि अब तक कुल 17 लोग जो विदेश से आए थे और कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, उन्हें एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया हैै।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here