विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : प्रतापपुर में खनन से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक स्कूटी सवार को टक्कर मार दी और उसे 50-60 फिट तक घसीटता हुआ ले गया जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
प्रतापपुर, काशीपुर निवासी मोनिका ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 03.11.2025 की सुबह के लगभग 9ः20 बजे के आसपास उसका पति राकेश अपनी स्कूटी यूके18सी5052 से प्रतापपुर बाजार आया हुआ था और प्रतापपुर मोड़ पर रोड़ के किनारे अपनी स्कूटी के साथ खड़े होकर अपने जीजा से बात कर रहा था, तभी प्रतापपुर गाँव से सोहेल पुत्र बाबू निवासी डूंगरा कॉलोनी, प्रतापपुर अपने स्वराज टैक्टर (यूके18आर3238) जिस पर वो अपने ट्राली में ओवर लोड बजरी भर के तेज रफ्तार से कानो में फोन की लीड लगाकर लापरवाही से अपना ट्रैक्टर ला रहा था और प्रतापपुर मोड़ पर आते ही उसके द्वारा उसके पति राकेश व उसकी स्कूटी को जानबूझकर टक्कर मार दी और ट्रैक्टर से उसके पति राकेश को रगड़ते हुये लगभग 50-60 फीट ले गया और उसके ऊपर गाड़ी के छोटे व बड़े टायर चढ़ा दिए और मौके पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को छोड़ कर भाग गया।
मोनिका ने बताया कि मौके पर मौजूद बाबू गिरी निवासी प्रतापपुर गाँव ने यह वाक्या अपने आँखों से देखा और उन्हें इस बात की जानकारी दी और मौके पर से उसके पति के जीजा विनोद कुमार उन्हें गाड़ी से काशीपुर के निजी हॉस्पिटल ले गये, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें हल्द्वानी के लिये रेफर कर दिया और उन्हें हल्द्वानी ले जाते समय प्रतापपुर मोड़ पर ही उनकी रास्ते में ही मृत्यु हो गयी।
मोनिका ने कहा कि उक्त ट्रैक्टर वाला बिना रॉयल्टी के बजरी ले जा रहा था और जिस कारण वो काफी तेज गाड़ी चला रहा था और जिसकी लापरवाही के कारण उसके पति का एक्सीडेंट हुआ और उनकी मृत्यु हो गयी।
मोनिका ने कहा कि सोहेल द्वारा अमानवीय कृत्य का परिचय दिया गया जिससे उसके पूरे परिवार की स्थिति चरमरा गयी और अत्यन्त दयनीय अवस्था हो गयी है। उसने सोहेल पुत्र बाबू के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने मोनिका की तहरीर के आधार पर सोहेल के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1), 281, 324 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई कपिल काम्बोज के हवाले की है।



