spot_img
spot_img
Thursday, March 12, 2026
spot_img

पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने को प्रियंका गांधी ने लिखा सीएम योगी को पत्र

दिल्ली/लखनऊ (महानाद) : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव हत्याकांड के मामले में पत्र लिखकर हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में प्रियंका गांधी ने लिखा है कि एबीपी न्यूज के पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव की जनपद प्रतापगढ़ में दिनांक 13 जून की रात संदिग्ध हालत में मृत्यु हो गई। वे एक न्यूज कवर करके घर वापस लौट रहे थे। खबरों के अनुसार वे एक ईंट भट्ठे के पास मृत मिले। उनके सिर पर गहरी चोट के निशान थे।
प्रियंका गांधी ने लिखा है कि 12 जून को सुलभ श्रीवास्तव ने एडीजी प्रयागराज जोन को एक पत्र लिख कर बताया था कि स्थानीय शराब माफिया अवैध शराब पर उनकी न्यूज रिपोर्ट से नाराज हैं और उन्हें अपनी और अपने परिवार की सलामती की चिंता है। प्रशासन को पत्र भेजे जाने के एक दिन बाद ही संदिग्ध हालातों में वे मृत पाए गए। प्रियंका ने बताया कि सुलभ श्रीवास्तव के परिजनों एवं पत्रकार साथियों ने इस मामले की सीबीआई जाँच कर सच सामने लाने की माँग की है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि उप्र में कई जगहों से जहरीली शराब से हुई मौतों की खबरें आई हैं। अलीगढ़ से लेकर प्रतापगढ़ तक जहरीली शराब के चलते सैकड़ों लोगों की मृत्यु हो चुकी है। ऐसे में एक पत्रकार द्वारा खबरें दिखाने को लेकर शराब माफियाओं से खतरा होने की आशंका बताती है कि प्रदेश में कानून के राज इकबाल खत्म हो चुका है। उप्र में बलिया, उन्नाव समेत कई जगहों पर पहले भी पत्रकारों पर हमले होते आए हैं।
प्रियंका ने कहा कि वह इस मामले की सीबीआई जाँच करवाने की माँग करती हैं। प्रदेश भर में जड़ जमा चुके शराब माफिया एवं प्रशासन के गठजोड़ पर कार्रवाई की जाए। इसके साथ पीड़ित परिवार और मृतक के आश्रितों को तुरंत आर्थिक मदद दी जाए।
पत्र के अंत में महासचिव प्रियंका गांधी ने लिखा है कि पत्रकारों और कलम के सिपाहियों को सुरक्षा देने का काम प्रदेश की कानून व्यवस्था का है। आशा है कि दिवंगत सुलभ श्रीवास्तव के परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में आप सकारात्मक कदम उठाएँगे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles