पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि तहसील दिवस में आयी समस्याओं को अधिकारी गंभीरता से लेते हुए निस्तारित करना सुनिश्चित करें।
मंगलवार को तहसील परिसर में आयोजित तहसील दिवस में डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए तहसील दिवस में पंजीकृत समस्याओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने पंजीकृत समास्याओं को जन समर्पण पोर्टल पर भी अपलोड करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गयी समस्याओं का तुरंत निस्तारण करें। डीएम ने कहा कि समस्या जिस स्तर की है उसी स्तर पर समाधान करना सुनिश्चित करें ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होेंने कहा कि जसपुर को आदर्श ब्लॉक, नगर पालिका बनाने का प्रयास किया जायेगा।
इस दौरान उन्होंने सभी नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई भी दी। उन्होंने आगामी 23 जुलाई शनिवार को नगर पालिका सभागार में मेम्बरों, ग्राम प्रधानों, बीडीसी सदस्यों को योजनाओं की जानकारियां देने व चिकित्सा शिविर लगाने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी व जिला विकास अधिकारी को दिये।

मंडी परिसर में आयोजित तहसील दिवस में पेंशन, जन्म प्रमाण पत्र, पेयजल, सड़क निर्माण व मरम्मत, विद्युत, नलकूप, पेंशन, नगर पालिका आदि से सम्बन्धित 87 शिकायतें पंजीकृत हुईं, जिसमें से लगभग 40 शिकायतों/समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। तहसील दिवस में ग्राम आंगतपुर निवासी परवीन सिंह ने दोनों भाईयों के भूमि खाते अलग-अलग कराने का अनुरोध किया। जिस पर डीएम ने एसडीएम को जांच कर निस्तारण करने के निर्देश दिये।
एडवोकेट चौधरी कपिल सिंह ने आवारा पशुओं की रोकथाम करने का अनुरोध किया। जिस पर डीएम ने कहा कि आवारा पशुओं के लिए गौशालाएं बनाई जा रही हैं। उन्होंने तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को पालतू जानवरों को छोड़ने वालों पर कारवाई करने के निर्देश भी दिए।
नई बस्ती निवासी मसूद अली ने भवन को नाम में दर्ज करने का अनुरोध किया। जिसपर डीएम ने एसडीएम व अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को जांच कर कार्यवाही करने निर्देश दिये। लक्ष्मीनगर कालोनी निवासी रवि मणि चौहान ने लक्ष्मीनगर कालोनी में पानी की टंकी बनाने व पाइप लाईन डलवाने का अनुरोध किया। आवास विकास कॉलोनी निवासी कुलविंदर सिंह ने किश्तों पर आवास विकास विभाग से लिए गए मकान की रजिस्ट्री कराने हेतु प्रार्थना पत्र प्रेषित किया जहां उन्हें निराशा हाथ लगी।
डीएम ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका व अधिशासी अभियंता जल निगम को जसपुर नगर पुर्नगठन योजना के अन्तर्गत कार्य कराने के निर्देश दिये। ईई जल निगम ने बताया कि जसपुर नगर पेयजल योजना का पुनर्गठन डीपीआर प्रस्ताव 1.47 करोड़ बनाया गया है। सभासद करन सिंह ने मनसा पट्टी कालोनी में विद्युत लाईन ठीक कराने, वार्ड नं.-3 मौहल्ला नत्था सिंह में पीने के पानी की समस्या दूर कराने का अनुरोध किया। जिसपर डीएम ने अधिशासी अभियंता विद्युत को शीघ्र विद्युत लाईन को ठीक कराने व अधिशासी अभियंता जल संस्थान को पाइप लाईन डालकर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
ग्राम गूलरगोजी निवासी कमला देवी ने फीका नदी के तेज बहाव व बारिश से गन्ने की फसल नुकसान होने पर मुआवजा दिलाने का अनुरोध किया। जिसपर डीएम ने मुख्य कृषि अधिकारी को फसल नुकसान का आंकलन, भूमि संरक्षण अधिकारी को उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिये। मौहल्ला गुजरातियान निवासी अनिल कुमार जोशी ने श्मशान घाट की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने का अनुरोध किया। जिस पर एसडीएम को शीघ्र जांच कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये। ग्रामवासी मौहल्ला पट्टी चौहान ने बुद्धनगर माइनर के किनाने खेड़ा लक्ष्मीपुर मार्ग का मरम्मत कराने का अनुरोध किया। जिसपर डीएम ने अधिशासी अभियंता सिंचाई व लोनिवि को शीघ्र मार्ग का मरम्मत कराने के निर्देश दिये।
ग्राम भोगपुर डाम, तीरथनगर निवासी सलमान खान व ग्राम बढ़ियोवाला निवासी ने पुत्री का जन्म प्रमाण पत्र बनाने का अनुरोध किया। जिस पर डीएम ने सीएमओ को शिविर लगाकर प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिये। ग्राम गौरा फार्म निवासी मोहित त्यागी ने एचएच-74 से ग्राम गौरा फार्म तक 2 किमी तक सड़क निर्माण कराने के अनुरोध किया। जिसपर डीएम ने अधिशासी गन्ना विकास विभाग व अभियंता लोनिवि को कार्य योजना बनाकर सड़क निर्माण प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिये। ग्राम ढाड़ीपुरा निवासी रामवती ने वृद्धा पेंशन दिलाने का अनुरोध किया। जिसपर डीएम ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को जांच कर वृद्धा पेंशन दिलाने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने तहसील दिवस में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियो का वेतन रोकने के निर्देश दिये। तहसील दिवस के पूरे कार्यक्रम के दौरान बंदर बांट कार्यक्रम ‘अपनी डफली अपना राग’ नाट्य प्रस्तुत किया गया। जिनके पास सोर्स था उनका काम हो गया जिनके पास सोर्स नहीं था वह लटके रह गए, उन्हें अगली तहसील दिवस की तारीख दे दी गई। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टालों का निरीक्षण भी किया।
तहसील दिवस में पूर्व विधायक डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल, अध्यक्ष नगर पालिका नौशाद सम्राट, ब्लॉक प्रमुख अनूप कौर, जिलाध्यक्ष मनोज पाल, नगर अध्यक्ष राजकुमार, एसडीएम सीएस चौहान, सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत, मुख्य उद्यान अधिकारी एसके शर्मा, सहायक निदेशक दुग्ध राजेन्द्र सिंह, सहायक निदेशक मत्स्य संजय कुमार छिम्वाल, अधिशासी अभियंता सिंचाई एके जैन, लघु सिंचाई सुशील कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन, जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी, खण्ड विकास अधिकारी केके पाण्डे आदि उपस्थित थे।



