spot_img
spot_img
Friday, February 27, 2026
spot_img

नशे के शौक के लिए किरायेदारों ने कर ली मकान मालिक के यहां लूट

देहरादून (महानाद) : बुजुर्ग महिला को घायल कर जेवरात व स्कूटी लूट की घटना को अंजाम देने वाले किरायेदारों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गये जेवरात व स्कूटी बरामद कर ली।

आपको बता दें कि 9 मई 2024 को राजेन्द्र सिंह बिष्ट निवासी नागल, ज्वालापुर, डोईवाला, देहरादून ने तहरीर देकर बताया कि 8 मई को वह अपने परिजनों के साथ एक समारोह में बाहर गये थे। जब कार्यक्रम से वापस आये तो उनकी माता घायल अवस्था मे घर के आंगन में पड़ी थी। उनकी मां ने बताया कि रात्रि के लगभग 11 बजे 2 व्यक्ति छत के रास्ते से घर में आये और उन्हें अकेला देखकर उन पर हमला कर दिया तथा उनसे छीना झपटी कर उनके गले से एक सोने की चैन व एक छोटा पर्स (जिसमे कुछ रुपये थे) छीनते हुए घर के आंगन में खड़ी स्कूटी को भी उठाकर ले गए। उन्होंने अपने मुह पर रुमाल बांधा हुआ था। उनकी मां ने उनके घर पर रह रहे किरायेदारों मनीष व भरत पर उक्त घटना कारित करने का शक जाहिर किया, जो घटना के बाद से ही घर से गायब हो गए थे।

राजेन्द्र सिंह की तहरीर के आधार पर कोतवाली डोईवाला में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गयी। गठित टीम द्वारा घटनास्थल व आसपास के स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन किया गया। पुलिस टीम द्वारा काली माता मन्दिर के पास, लालतप्पड़ पर चैकिंग के दौरान घटना को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों मनीष त्यागी पुत्र लोकेश त्यागी निवासी ग्राम नकीतपुर, थाना नहटौर, जिला बिजनौर तथा भरत पुत्र भीमाराम निवासी ग्राम पिलवाड़ा, जिला सिरोही, राजस्थान के कब्जे से घटना मे लूटी गयी सफेद रंग की स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके पास से घटना में लूटी गई चैन, एक आधार कार्ड तथा 2 हजार रुपये नगद बरामद हुए।

पूछताछ करने पर दोनों ने बताया कि वे दोनों पुताई का कार्य करते हैं और नशे के आदी हैं तथा अपने नशे की पूर्ति के लिए उनके द्वारा काफी लोगों से पैसे उधार लिए गए थे तथा अपनी बाइक को भी एक व्यक्ति के पास गिरवी रख दिया था, जिसे छुड़ाने के लिए उनके द्वारा लूट की घटना को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles