हर्ष वर्धन यादव
शाहजहांपुर (महानाद) : जनपद के निगोहीक्षेत्र में एक महिला से दिनदहाड़े कुंडल लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सोमवार शाम को एक महिला ई-रिक्शा में अपने बच्चों के साथ मायके जा रही थी। इसी दौरान हेलमेट पहने बाइक सवार बदमाश ने चलती ई-रिक्शा के पास अपनी बाइक लगाई और महिला के कानों से कुंडल नोचकर फरार हो गया।
बता दें कि पीड़िता सीमा, जो तिलहर थानाक्षेत्र के गांव नबीपुर निवासी परागूलाल की पत्नी हैं, अपने तीन बच्चों के साथ निगोही क्षेत्र के गांव भुंडी स्थित मायके जा रही थीं। तिलहर-निगोही मार्ग पर जब ई-रिक्शा ग्राम पिपरिया खुशहाली के पास पहुंचा, तभी पीछे से एक बाइक सवार युवक आया। उसने ई-रिक्शा के बराबर अपनी बाइक लगाई और अचानक झपट्टा मारते हुए सीमा के कानों से कुंडल नोच लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद वह बाइक से तेज रफ्तार में निगोही की ओर फरार हो गया। सीमा ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुका था। इसके बाद वह थाने पहुंची और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। हालांकि महिला ने किसी प्रकार की लिखित तहरीर नहीं दी। कुछ देर थाने में रुकने के बाद वह किसी परिचित के साथ बाइक पर सवार होकर मायके चली गईं।
इस संबंध में तिलहर थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है और पुलिस अपनी ओर से जांच कर रही है। पीड़िता की ओर से अब तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी कीपहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग दिनदहाड़े हुई इस लूट की वारदात से चिंतित हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।



