हर्ष वर्धन यादव
शाहजहांपुर (महानाद) : अपराधियों की धरपकड़ में जुटी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली थाना पुलिस ने रविवार को नकली नोटों का धंधा करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लाखों रुपये की नकली करेंसी, नोट छापने की मशीनें और अन्य सामग्री बरामद की है। उक्त कार्रवाई एसपी शाहजहांपुर के निर्देशन में तथा एसपी सिटी व सीओ सिटी के पर्यवेक्षण व प्रभारी निरीक्षक कोतवाली की अगुवाई में की गई।

बता दें कि 23 जून को कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बरेली हाईवे से उमरगंज की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर एक ब्रेजा कार व एक टीवीएस स्टार सिटी बाइक पर सवार तीन अभियुक्तों को दबोच लिया। तलाशी में पुलिस के हाथ वह सब कुछ लगा जिससे नकली नोट छापने की फैक्ट्री का खुलासा हो गया।
पुलिस ने इनके पास से कुल 4,61,000 रुपये की नकली करेंसी बरामद की, जिसमें 500 रुपये के 840 नोट, 100 रुपये के 370 नोट, 50 रुपये के 64 नोट व 20 रुपये के 40 नोट शामिल हैं। इसके अलावा एचपी व कैनन कंपनी के प्रिंटर, लेमिनेशन मशीन, एचपी लैपटॉप, प्रिंटर केबल, नोट छापने में प्रयुक्त विशेष कागज, रंग, कटर और लेमिनेशन पन्नी आदि भी मिले।
गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में खुलासा किया कि उनका नेटवर्क उधम सिंह नगर (उत्तराखंड) तक फैला हुआ है जहां से वे नकली करेंसी की खपत करते थे। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है।
एसपी राजेश द्विवेदी ने कार्रवाई करने वाली टीम को सराहना देते हुए कहा कि ऐसे अवैध कार्यों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



