spot_img
spot_img
Wednesday, February 25, 2026
spot_img

सबका साथ, सबके विकास की बात करने की जरूरत नहीं, जो हमारे साथ, हम उसके साथ

पश्चिम बंगाल (महानाद) : भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने एक बयान देते हुए कहा है कि भाजपा को ‘सबका साथ, सबका विकास’ नारे को बदलने की जरूरत है। अधिकारी ने कहा, हमें सबका साथ, सबके विकास की बात करने की जरूरत नहीं है। हम तय करेंगे कि जो हमारे साथ है, हम उसका साथ दें। शुभेंदु ने कहा, हम जीतेंगे और हिंदुओं को बचाएंगे।

एक कार्यक्रम के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने जय श्री राम का नारा लगाते हुए कहा कि सबका साथ, सबका विकास बंद करो। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक मोर्चे को भी बंद करने की जरूरत है।

बंगाल में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने उपचुनाव में भाजपा की हार की भी वजह बताते हुए दावा किया कि उपचुनाव में हजारों लोग अपना वोट नहीं डाल सके। उन्होंने ममता सरकार पर आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव में भी लाखों हिंदुओं को वोट डालने नहीं दिया गया।

शुभेंदु अधिकारी ने अपने भाषण से साफ कर दिया कि भाजपा बंगाल में हिंदू वोटों के ध्रुवीकरण की दिशा में काम करेगी। बंगाल भाजपा का मानना है कि लोकसभा चुनाव में मुस्लिम वोटरों ने एकजुट होकर टीएमसी को वोट दिया, जबकि हिंदू वोटर अलग अलग पार्टियों में बंट गए।

इस मौके पर शुभेंदु अधिकारी ने एक पोर्टल भी लॉन्च किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्टे करते हुए लिखा कि ‘जैसा मैंने वादा किया था, मैंने एक पोर्टल लॉन्च किया है, जहां वे मतदाता अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे, जिन्हें वोट नहीं डालने दिया गया। ऐसे लोगों की गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जाएगा।’

आपको बता दें कि ‘सबका साथ सबका विकास’ नारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया था लेकिन सभी वर्गों के वोट न मिलने के कारण अब भाजपा के नेताओं में यह बात उठ रही है कि ‘सबका साथ सबका विकास’ नारा ठीक नहीं है। जो वोट दे उसका ही विकास करना चाहिए।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles