सुहानी अग्रवाल
देहरादून (महानाद) : पुलिस ने ज्वैलरी शॉप में हुई चोरी का खुलासा करते हुए 2 युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चुराया हुआ शत प्रतिशत माल व घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद, कर लिया। युवकों ने अपने ऊपर चढ़े कर्ज को उतारने के लिए चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था।
आपको बता दें कि दिनांक 16.6.2025 को बिलेट अली पुत्र एसके लखमान अली निवासी मोथरोवाला, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि एक व्यक्ति उनकी मोथरोवाला में स्थित ज्वैलरी की दुकान में गहने खरीदने के बहाने आया और कुछ देर बाद मौका पाकर 4 जोड़ी सोने के टॉप्स चुराकर भाग गया। तहरीर पर थाना नेहरू कॉलोनी में धारा 305(ए) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया।
एसएसपी देहरादून अजय कुमार द्वारा दिए गए निर्देशों पर तत्काल थाना नेहरु कोलोनी पुलिस टीम ने घटना के संबंध में सुरागरसी/पतारसी करते हुए घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर दिनांक 22.6.2025 को मुखबिर की सूचना पर घटना में शामिल नितिन ढिंगियाल पुत्र अशोक कुमार निवासी सरदार कालोनी, निकट रतनपुर चौक, शिमला बाईपास रोड, थाना पटेल नगर, देहरादून तथा निहाल राणा पुत्र नेत्र लाल राणा निवासी निकट गोर्खाली धर्मशाला, चंद्रबनी, थाना पटेल नगर, देहरादून को घटना में चोरी की गई शत प्रतिशत ज्वैलरी के साथ गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी
1- घटना में चोरी की गई 2 लाख रुपये की अनुमानित कीमत की ज्वैलरी
2- घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल यामाहा एमटी-15



