विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : नगर निगम द्वारा अल्ली खां चौक और मेहंदी मिलाप चौक का सौंदर्यीकरण किया जायगा तथा मुख्य चौक पर 135 फिट ऊंचा तिरंगा लहरायेगा।
आपको बता दें कि मेयर दीपक बाली ने आज नगर निगम के अधिकारियों एवं पार्षदों के साथ अल्ली खां चौक का निरीक्षण किया और यहां एकत्र सभी पार्षदों एवं जन समुदाय से इस चौक पर 135 फुट ऊंचा देश की आन बान शान तिरंगा लगाए जाने की बात कही, जिस पर सभी ने अपनी सहमति दे दी।
मेयर दीपक बाली आज सुबह ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा, सांसद प्रतिनिधि पार्षद विजय कुमार बॉबी, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, नगर निगम के निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं पार्षदों के साथ अल्ली खां चौक पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि इस चौक का भी सौंदर्यीकरण कर यहां मुख्य चौराहे की तरह 135 फीट ऊंचा तिरंगा लगाया जाए।
पार्षदों सहित सभी ने इस पर न सिर्फ अपनी सहमति प्रदान की बल्कि मेयर बाली के इस निर्णय का स्वागत भी किया। इसके बाद मेयर ने मेहंदी मिलाप चौक का भी निरीक्षण कर उसका भी सौंदर्यीकरण करने की बात कही।
मेयर दीपक बाली ने कहा कि झंडा लगाने वाली टीम को एक सप्ताह के भीतर बुलाया जाएगा और हमारा प्रयास है कि इस बार देश के स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के अवसर पर इस क्षेत्र में भी देश की आन-बान-शान तिरंगा लहराए।
नगर निगम बोर्ड के नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस पार्षद राशिद फारुकी ने मेयर के निर्णय का जोरदार स्वागत किया और कहा कि इस क्षेत्र के सभी लोग देश प्रेमी हैं और उन्हें बड़ी खुशी हुई है कि यहां पर तिरंगा लहराएगा। कांग्रेस पार्षद अब्दुल कादिर ने भी मेयर के निर्णय का स्वागत किया।
इस दौरान भाजपा जिला प्रकोष्ठ के संयोजक मुकेश चावला, पार्षद वैशाली गुप्ता, सादिक हुसैन, सतीश शर्मा, रियाज, नईम सिद्दीकी, इरफान गुड्डू, पुष्कर बिष्ट, नौशाद हुसैन, मौहम्मद आरिफ, बीना नेगी, प्रकाश नेगी, फिरोज हुसैन, शहजाद राय, चौधरी समरपाल सिंह, मनीष चावला सहि सहित अल्ली खां क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



