spot_img
spot_img
Thursday, April 23, 2026
spot_img

बाढ़ से निपटने के लिए कल किया जायेगा मॉकड्रिल का आयोजन

हर्ष वर्धन यादव
शाहजहांपुर (महानाद) : जिले में संभावित बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने और समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से 26 जून को एक बड़ी मॉकड्रिल का आयोजन किया जाएगा। यह मॉकड्रिल सुबह 9 बजे से शुरू होगी और जिले की चार प्रमुख तहसीलोंकृसदर, तिलहर, जलालाबाद और कलानकृमें आयोजित की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मॉकड्रिल के लिए चार स्थलों का चयन किया गया है। तहसील सदर में हनुमत धाम, तिलहर में चित्ती बोझी घनश्यामपुर, जलालाबाद में कसारी कलां गांव और तहसील कलान में पृथ्वीपुर ढाई गांव में यह अभ्यास किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और संसाधनों की उपलब्धता की परख की जाएगी।

मॉकड्रिल में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, पुलिस, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, विद्युत विभाग, राजस्व विभाग सहित अन्य आवश्यक विभाग भाग लेंगे। इसके साथ ही एनसीसी, नेहरू युवा केंद्र, प्रांतीय रक्षा दल, होमगार्ड और जिले में चयनित ‘आपदा मित्र’ भी इस अभ्यास में सक्रिय रूप से शामिल होंगे।

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) की टीमें भी मौके पर मौजूद रहेंगी और बचाव व राहत कार्यों का प्रदर्शन करेंगी। इस अभ्यास का उद्देश्य जिले की बाढ़ आपदा प्रबंधन रणनीति की व्यवहारिक जांच करना है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में जानमाल की हानि को न्यूनतम किया जा सके।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे मॉकड्रिल के दौरान अफवाहों से बचें और संबंधित अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें। यह अभ्यास जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles