विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एक वकील ने एक बुलेट चालक व उसके दोस्तों पर उनके पुत्र के साथ मारपीट कर घायल करने व उसकी कॉलर बोन फ्रेक्चर करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दज कर जांच शुरु कर दी है।
खड़कपुर देवीपुरा, काशीपुर निवासी गिरीश कुमार एडवोकेट ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 17.10.2026 की दोपहर के लगभग 2ः45 बजे उनका पुत्र अभिनव गोला (17 वर्ष) अपने दोस्त वैभव चौहान से ट्यूशन की नोट बुक लेने गया था और सेठी पेट्रोल पम्प के बराबर से नहर वाली रोड पर खड़ा होकर अपने दोस्त वैभव चौहान का इंतजार कर रहा था, तभी शुगर मिल रोड से पहले वाशिंग सेंटर के पास सामने से आ रहे बुलेट चालक कमल उर्फ शाका पुत्र सीताराम निवासी गौरी मिष्ठान भण्डार, वैशाली कॉलोनी, काशीपुर ने सामने से आकर बुलेट रोकी और उनके पुत्र से बोला कि सडक से नीचे खड़ा हो, तेरे बाप की सड़क नहीं है।
गिरीश कुमार ने बताया कि जब उनके पुत्र अभिनव गोला ने उससे बोला कि गाड़ी आराम से चलाओ तब वह गुस्से से आग बबूला हो गया। उसके बाद उक्त कमल उर्फ शाका व उसके साथ दो अन्य व्यक्तियों ने अभिनव गोला को गंदी-गंदी मां-बहन की गालियां देते हुए उनके पुत्र को लात-घूसों व बेल्टों से मारना-पीटना शुरू कर दिया, जिससे अभिनव गोला की कॉलर बोन फ्रेक्चर हो गयी और कूल्हे का मांस फट गया तथा पूरे शरीर में गुम चोटें आयी हैं।
गिरीश कुमार ने बताया कि उसके बाद अभिनव गोला ने अपने चाचा मुकेश सिंह एडवोकेट को फोन कर इस घटना के बारे में बताया तब मुकेश सिंह एडवोकेट ने अपने साथी अधिवक्ताओं के साथ मौके पर पहुंचकर बामुश्किल अभिनव गोला को बचाया। उक्त कमल उर्फ शाका व उसके अन्य साथी मौके से भाग गये और जाते जाते उनके पुत्र को धमकी दी कि अगर दोबारा मुझे कहीं सड़क किनारे खड़ा दिखा तो तुझ पर गाड़ी चढ़ा कर जान से मार दूंगा।
गिरीश कुमार ने बताया किअभिनव गोला को उक्त लोगों द्वारा मारने पीटने पर गम्भीर चोटें आने पर आवास विकास स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने शाका के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
तहरीर के आधार पर आईटीआई कोतवाली पुलिस ने कमल उर्फ शाका के खिलाफ बीएनएस की धारा 117(2), 351(3), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई हरविन्द्र कुमार के हवाले की गई है।



