सुहानी अग्रवाल
देहरादून (महानाद) : पड़ोसी से विवाद हुआ तो उसका बदला लेने के लिए एक महिला ने पड़ोसी के 5 साल के बच्चे पर सिल के पत्थर से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया।
आपको बता दें कि दिनांक 16.07.2025 को जगपाल पुत्र नन्हें पहलवान निवासी- ग्राम कबूलपुर, थाना बरखेड़ा, तह. बीसलपुर, पीलीभीत, उत्तर प्रदेश हाल निवासी रीठा मंडी, देहरादून ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके घर के सामने रहने वाले व्यक्ति दानवीर की पत्नी मीना देवी, जिसके साथ उनका पूर्व में विवाद हुआ था, द्वारा घर के बाहर खेल रहे उनके 5 साल के पुत्र को अपने घर में ले जाकर उसे जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर सिल के पत्थर से वार कर दिया, जिसे गम्भीर अवस्था में उनके द्वारा दून अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति गम्भीर बनी हुई है तथा डाक्टरों द्वारा उसके सिर पर कई फ्रैक्चर होना बताया है। तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में धारारू 109/118(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गम्भीरता के दृष्टिगत एसएसपी देहरादून अजय सिंह द्वारा घटना में शामिल अभियुक्ता की गिरफ्तारी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये, जिस पर पुलिस टीम द्वारा अभियोग में आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही करते हुए प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आज दिनांक- 17.07.2025 को बच्चे पर जानलेवा हमला करने वाली अभियुक्ता मीना देवी पत्नी दानवीर को लक्खीबाग क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।



