नई दिल्ली (महानाद) : दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 में छात्र संघ के 4 प्रमुख पदों में से 3 पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है, जबकि उपाध्यक्ष पद निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने बाजी मारी। कांग्रेस के छात्र संगठन (DUSU) को इस बार चारों प्रमुख पदों में से किसी पर जीत नहीं मिली।
अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के यश डबास ने एनएसयूआई के विजय शंकर मीणा को हराया। डबास को 24,576 तो मीणा को 22,523 वोट मिले। सचिव पद पर एबीवीपी की रिया छावड़ी और संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी के लक्ष्य राज सिंह ने जीत दर्ज की।
छात्र संघ चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा उपाध्यक्ष पद के नतीजे की रही। निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने 30,615 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। एबीवीपी के इशू मौर्य 16,910 वोट के साथ दूसरे और एनएसयूआई के वीर छत्रथ 4,313 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
अध्यक्ष पद पर जीत के बाद यश डबास ने छात्रों की सुरक्षा और आवास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने हॉस्टल और पीजी के सेफ्टी ऑडिट को अपनी शुरुआती प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
चुनाव में अध्यक्ष पद के एनएसयूआई उम्मीदवार विजय शंकर मीणा ने मतदान और मतगणना में कथित गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कुछ कॉलेजों में फर्जी वोटिंग, छात्रों को कथित तौर पर दबाव में वोट कराने और आईडी कार्ड लिए जाने जैसे आरोप लगाए तथा मामले को अदालत में ले जाने की बात कही।
नतीजों के बाद भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने एबीवीपी की जीत पर प्रतिक्रिया दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट में एबीवीपी कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई दी। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी विजयी उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने चुनाव परिणाम को युवाओं और छात्रों के बीच राष्ट्रवादी विचारधारा के समर्थन से जोड़ते हुए प्रतिक्रिया दी। यह उनका राजनीतिक आकलन है।



