सुहानी अग्रवाल
देहरादून (महानाद) : सहस्त्रधारा में कल देर रात्रि बादल फटने तबाही मच गई है। मेन बाजार में मलबा आने से 2-3 होटल और कईं दुकानें क्षग्रिस्त हो गये हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने एक्स पर लिखा है कि ‘देहरादून के सहस्त्रधारा में देर रात हुई अतिवृष्टि से कुछ दुकानों को नुकसान पहुंचने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं।
इस सम्बन्ध में निरंतर स्थानीय प्रशासन से संपर्क में हूँ और स्वयं स्थिति की निगरानी कर रहा हूं। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूँ।’
आपको बता दें कि देहरादून के कार्डीगाड़ के ग्रामीणों ने बताया कि घटना रात के लगभग 11.30 बजे की है। बादल फटने के बाद मेन बाजार में भारी मात्रा में मलबा आ गया जिससे 2-3 बड़े होटल क्षतिग्रस्त हो गए जबकि एक मार्केट में बनीं 7-8 दुकानें ध्वस्त हो गईं है। ग्रामीणों ने बताया कि मौके पर लगभग 100 लोग फंस गए थे जिन्हें गांव वालों ने सकुशल रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

रात्रि के 2बजे आपदा कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी मिलने पर एसडीआरएफ और फायर की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है लेकिन रास्ते में मलबा आ जाने के कारण टीम मौके पर नहीं पहुंच पाई। वहीं पीडब्लूडी की जेसीबी ने मौके पर पहुंचकर रास्ता खोलने में जुट गई है।
वहीं, आईटी पार्क के पास भी भारी मात्रा में मलबा आने की खबर है। जिससे सॉन्ग नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क करते हुए नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा है।
रायपुर थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि रात्रि के लगभग 12.30 बजे आईटी पार्क के पास अचानक मलबा आ गया। सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इसके बाद एनडीआरएफ व एसडीआरएफ को भी बुला लिया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। अभी तक किसी भी तरह की जनहानि की खबर नहीं है।
मसूरी में भी आया मलबा, मजदूर की मौत
मसूरी के झड़ीपानी में सोमवार देर रात भारी बारिश से मजदूरों के आवास के ऊपर मलबा आ गया। घटना में एक मजदूर की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल मजदूर को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। शहर कोतवाल संतोष कुंवर ने बताया कि बारिश का पानी और मलबा मजदूरों के कच्चे आवास के ऊपर आ गया था। इससे एक मजदूर की मलबे में दबने से मौके पर मौत हो गई और एक मजदूर घायल हो गया, घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। अन्य को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया
उधर, हरिद्वार-देहरादून हाइवे पर फन वैली व उत्तराखंड डेंटल कॉलेज के नजदीक स्थित पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। मालदेवता में रास्ता बंद है। मालदेवता में नदी के उफान ने रोड को खत्म कर कर दिया है।



