हल्द्वानी (महानाद) : कल हल्द्वानी में बवाल मच गया, उपद्रवियों ने शमा रेस्टोरेंट सहित कई दुकानों में तोड़ फोड़ कर दी। राहगीरों के साथ मारपीट की गई। कई वाहनों में तोड़ फोड कर दी गई। पुसिल ने 50-60 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
थानाध्यक्ष बनभूलपुरा सुशील जोशी ने मुकदमा दर्ज करवाते हुए बताया कि दिनांक 16.11.2025 को थाना क्षेत्रान्तर्गत उत्तर उजाला, अलीगढ़ पब्लिक स्कूल के गेट पर नवजात गौवंशीय पशु का कटा सिर मिलने की सूचना पर वह एसआई मनोज यादव, कां. शिवम कुमार व अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे तो देखा कि अलीगढ़ पब्लिक स्कूल के गेट पर एक छोटे गौवंशीय पशु का कटा सिर पड़ा था, जो प्रथम दृष्टया देखने पर नवजात गौवंशीय पशु का होना प्रतीत हो रहा था।
सुशील जोशी ने बताया कि मौके पर स्थानीय एवं कुछ हिन्दूवादी संगठन के काफी लोग मौजूद थे, जिनके द्वारा उक्त घटना पर रोष प्रकट कर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। मौके पर उनके द्वारा समझाने पर और भी उग्र होने लगे, जिस पर उनके द्वारा तत्काल उच्चाधिकारीगणों को अवगत कराते हुए घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराये जाने हेतु बताया गया एवं शान्ति व्यवस्था के दृष्टिगत तत्काल उनके द्वारा पुलिस बल की मदद से उक्त गौवंशीय पशु के कटे सिर को मौके से हटाकर सुरक्षित रखा गया।
उन्होंने बताया कि आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज को देखने पर ज्ञात हुआ कि एक कुत्ता बगीचे की ओर से उक्त अंग को लाता दिखाई दिया जिसके द्वारा उक्त अंग को लाकर अलीगढ़ पब्लिक स्कूल के गेट पर छोड़ दिया। कुछ ही समय में मौके पर सीओ हल्द्वानी व अन्य थानों का फोर्स जिसमें प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी मय समस्त चौकी प्रभारी व थानाध्यक्ष मुखानी, काठगोदाम मय फोर्स के मौके पर उपस्थित आये। जिन्हें उनके द्वारा घटना के तथ्यों से अवगत कराया गया। घटना की संवेदन शीलता के दृष्टिगत उक्त सम्बन्ध में पुलिस द्वारा प्रारम्भिक जांच में पाया गया कि घटना स्थल के पास ही स्थित बगीचे के अन्दर किसी गाय द्वारा कल रात्रि में एक बछड़े/बछिया को जन्म दिया गया था।
उन्होंने बताया कि उक्त तथ्यों के सामने आने के बाद मौके पर उपस्थित हिन्दू संगठनों व स्थानीय लोगों को वस्तु स्थिति से पुलिस के उच्चाधिकारीगणों एवं उनके द्वारा समझाने बुझाने के बाद माहौल शान्त हो गया तथा हिन्दू वादी संगठन से जुड़े लोग माहौल शान्त होने पर वापस चले गये थे। उक्त घटना के सम्बन्ध में घटना की तहरीर प्राप्त होते ही तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध अभियोग भी तत्काल दर्ज कर लिया गया तथा पशु के अवशेष को कब्जे में लेकर परीक्षण व अपेक्षित कार्यवाही की जा रही है।
सुशील जोशी ने बताया कि इसके बावजूद भी शहर के माहौल को खराब करने के उद्देश्य से कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा भीड़ एकत्रित कर हल्द्वानी शहर के विभिन्न हिस्सों में अनावश्यक उपद्रव करते हुए पथराव व तोड़-फोड़ की गयी तथा रोड पर खड़े वाहनों को भी क्षतिग्रस्त किया गया व राहगीरों से भी मारपीट कर शहर का माहौल खराब करने का प्रयास किया गया। बरेली रोड़ स्थित शमा रेस्टोरेन्ट एवं इसके आस पास स्थित अन्य दुकानों एवं सड़क पर खड़ी गाडियों में लगभग 40-50 अज्ञात उपद्रवियों द्वारा एक राय होकर तोड़-फोड़ कर पथराव किया गया तथा हल्द्वानी शहर के पीली कोठी स्थित दुकानों पर भी पथराव कर व स्थानीय टैम्पू चालक एवं अन्य व्यक्तियों के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देकर शहर का माहौल खराब कर शान्ति/कानून व्यवस्था प्रभावित की गयी है।
उन्होंने बताया कि उक्त उपद्ववियों द्वारा किये गये पथराव के कारण आम जनमानस का जीवन संकटापन उत्पन्न कर दिया जिससे हल्द्वानी शहर के विभिन्न स्थानों पर अफरा-तफरी का महौल उत्पन्न हो गया।
पुलिस ने थानाध्यक्ष सुशील चंद्र जोशी की सूचना के आधार पर पुलिस ने 40-50 अज्ञात उपद्ववियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 125, 191(1), 191(2), 324(4), 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई जगवीर सिंह के हवाले की गई है।

वहीं, एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने हल्द्वानी में अफवाह फैलाने और माहौल बिगाड़ने वालों खिलाफ शिकंजा कसने के कड़े निर्देष दिये हैं।
शहर की स्थिति पूरी तरह सामान्य रखने हेतु 4 सीओ, सभी थानाध्यक्ष तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं पीएसी एवं रेंज से भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
एसएसपी ने कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि
– शहर में जो भी उपद्रवी कहीं भी दिखाई देगा, उसके विरुद्ध बहुत सख्ती से पुलिस कार्यवाही करेगी और सुसंगत धाराओं में अभियोग भी पंजीकृत किया जाएगा एवं तदनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
– कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
– चप्पे- चप्पे पर अभिसूचना तंत्र के कर्मी तैनात है सभी उपद्रवी लोगों की वीडियोग्राफी कर कार्यवाही की जा रही है।
– सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम भी सक्रिय है कृकिसी भी तरह के भड़काऊ मैसेज, पोस्ट या कमेंट करने वालों पर भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से शांति, संयम और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।



