मैनपुरी (महानाद) : एक पति अपनी पत्नी के प्रेम संबंधों में आड़े आने लगा तो पत्नी ने अपने प्रेमी के जरिए उसकी हत्या करवा दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पत्नी, उसके प्रेमी व प्रेमी के 2 साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
आपको बता दें कि सुल्तानपुर गांव का रहने वाला कमलेश यादव (40 वर्ष) कासगंज में एक डेयरी पर काम करता था। 20 फरवरी को अचानक वह गायब हो गया। कई दिनों तक उसका पता न लगने पर उसके भाई ने अज्ञात लोगों के खिलाफ कमलेश यादव के अपहरण और हत्या की आशंका जताते हुए गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसी बीच 25 फरवरी को बेवर-इटावा मार्ग के पास किशनी इलाके में एक गेहूं के खेत में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान डेयरी कर्मी कमलेश यादव के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी हत्या गला घोंटकर किये जाने की पुष्टि हुई। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कमलेश यादव की पत्नी सुनीता उर्फ संगीता का इटावा जिले के चंदरपुर निवासी सिथलेश उर्फ सुतलेश के साथ लगभग 4 साल से प्रेम संबंध था।
सिथलेश कमलेश यादव का दोस्त था, जब कमलेश को इसकी जानकारी हुई तो उसका अपनी पत्नी से विवाद होने लगा और सुनीता ने अपने प्रेमी सिथलेश से अपने पति की हत्या करने को कहा। जिसके बाद 20 फरवरी को सिथलेश ने अपने दो साथियों दीपक कश्यप और भूरे उर्फ विशनू कुमार के साथ मिलकर कमलेश की हत्या कर दी। साजिश के तहत तीनों कासगंज पहुंचे और कमलेश को डेयरी से अपने साथ ले गए। रास्ते में उसे शराब पिलाई और मौका पाकर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दीऔर उसके शव को किशनी क्षेत्र के गेहूं के खेत में फेंक दिया।



