पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में जसपुर पुलिस ने युवक की हत्या कर दुर्घटना का रूप देने वाले 2 शातिर हत्यारोपियों को मात्र 48 घंटे में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को बरामद कर लिया है।

आपको बता दें कि दिनांक 10.07.2026 को समय लगभग 10 बजे जसपुर कोतवाली पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ठाकुरद्वारा चुंगी के पास खेड़ा वाली रोड पर एक सड़क दुर्घटना हुई है, जिसमें एक कार चालक द्वारा मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी गई है तथा मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्ति घायल हो गए हैं और कार चालक मौके से फरार हो गया है।
सूचना प्राप्त होते ही कोतवाली जसपुर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर सड़क किनारे नहर में एक मोटरसाइकिल पड़ी हुई मिली, जिसे बाहर निकलवाकर पुलिस अभिरक्षा मे लिया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस टीम द्वारा घटना में घायल व्यक्तियों की जानकारी प्राप्त करने हेतु सरकारी अस्पताल, जसपुर सहित अन्य चिकित्सालयों में जानकारी जुटाई गई, किन्तु घायल व्यक्तियों के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी।
दिनांक 11.07.2026 को घायल नितिन कुमार निवासी मौहल्ला जुलाहान, थाना जसपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर के पिता बनारसी दास ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उक्त घटना में घायल उनके पुत्र नितिन कुमार की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है तथा यह कोई सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है, जिसे पुष्पेन्द्र चौहान उर्फ मानू पुत्र नरेन्द्र सिंह निवासी कासमपुर, जसपुर तथा जाकिर गुज्जर पुत्र शाहिद हुसैन निवासी वार्ड नं.-13, नई बस्ती, जसपुर द्वारा कार से उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर अंजाम दिया गया है। तहरीर के आधार पर कोतवाली जसपुर में धारा 103(1), 351(2), 352 एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणति के निर्देशन में तथा एसपी स्वप्न किशोर सिंह एवं सीओ प्रशांत कुमार के पर्यवेक्षण में कोतवाली जसपुर पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा लगातार सुरागरसी-पतारसी, तकनीकी साक्ष्यों के संकलन करते हुए घटना के शीघ्र अनावरण हेतु प्रयास किए गए। इसी क्रम में दिनांक 12.07.2026 को सूचना पर हाईवे के किनारे घेराबंदी कर घटना में प्रयुक्त वाहन बलेनो कार संख्या यूपी 21 डीएफ 4379 सहित मुकदमे में नामजद दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि दिनांक 10.07.2026 को उनका मृतक नितिन, लविश, हर्ष तथा उनके साथियों के साथ विवाद एवं झगड़ा हो गया था। बाद में जब नितिन, लविश एवं हर्ष ठाकुरद्वारा चुंगी से खेड़ा जाने वाली नहर रोड पर दिखाई दिए तो दोनों अभियुक्तों ने एक राय होकर गुस्से एवं प्रतिशोधवश उन्हें जान से मारने की नीयत से उनकी मोटरसाइकिल में अपनी बलेनो कार से टक्कर मार दी तथा उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गए। अभियुक्तों द्वारा घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक वैधानिक कार्यवाही उपरांत कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास निकलने के बाद पता चला कि पुष्पेन्द्र चौहान उर्फ मानू पर धारा 170/341/384 भारतीय दण्ड संहिता के तहत मुकदमा दर्ज है जब कि जाकिर गुज्जर का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
एसएसपी अजय गणपति का संदेश:
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में हत्या जैसे जघन्य अपराधों को अंजाम देने वाले अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। ऊधम सिंह नगर पुलिस अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्य कर रही है तथा कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले प्रत्येक अपराधी के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस टीम में कोतवाल राजेश पाण्डेय, एसएसआई भूपाल राम पौड़ी, एसआई सन्तोष देवरानी, राजेन्द्र प्रसाद मौनियाल, हरीश आर्या, रुचिका चौहान, ललित डिगारी, हे.कां. कुन्दन सिंह, शैलेन्द्र मेहता, कां. अरुण कुमार, कुलदीप सिंह, जाकिर हुसैन, अब्दुल मलिक, विपिन कुमार, भवान सिंह आदि शामिल रहे।



