spot_img
spot_img
Tuesday, July 28, 2026
spot_img

जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने काशीपुर में किया करोड़ों की योजनाओं का लोकर्पाण/शिलान्यास

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सुराज, विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मंत्री ने 31.35 करोड़ के विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास व 13.01 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी आदि ने मंत्री बत्रा को पुष्पगुच्छ व अंग वस्त्र भेंटकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उक्त परियोजनायें काशीपुर के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

इस दौरान मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रोज विकास की नई-नई गाथा लिख रहे हैं। प्रदेश के सभी जनपदों में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। योजनाओं का लाभ अन्तिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य हैं। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से जनता को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं जानकारी दी जा रही है और पात्र लोगों को मौके पर ही योजनाओं से लाभान्वित भी किया जा रहा है। हमारी सरकार का उद्देश्य है कि जनता को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक इधर-उधर भटकना न पड़े, मौके पर ही जनता की समस्याओं का समाधान किया जा सके। जनता की सरकार-जनता के द्वार पहुंचकर उनकी समस्या सुन रही है और विभागीय अधिकारियों द्वारा मौके पर समाधान भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है और सरकार की प्राथमिकता है कि हर सरकारी योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। काशीपुर प्रदेश का एक महत्वपूर्ण शहर है और इसके विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

इस मौके पर काशीपुर रोडवेज बस स्टेशन की बदहाल स्थिति, यात्रियों की समस्याओं और नए बस अड्डे की मांग पर परिवहन मंत्री बत्रा ने कहा कि वर्तमान काशीपुर का बस स्टेशन काफी पुराना हो चुका है। वहां पेयजल, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी है। इसे देखते हुए नए स्टेशन के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है तथा भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। जल्द ही टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर में छोटे-छोटे बस स्टॉप भी विकसित किए जाएंगे, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा पूरे जिले में आधुनिक सिटी बस सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है। काशीपुर, जसपुर, रामनगर और खटीमा सहित विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने के लिए लगभग 20 नई बसें संचालित करने की योजना है। इनमें इलेक्ट्रिक बसों को भी शामिल किया जाएगा, जिससे यात्रियों को सस्ता, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी प्रमुख बस स्टैंडों के विकास का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है।

परिवहन मंत्री ने कहा कि परिवहन निगम ने 200 नई बीएस-6 बसों की खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दिवाली से पहले नई बसें सड़कों पर उतरना शुरू हो जाएंगी। पुरानी बसों को भी आवश्यक मरम्मत और उन्नयन के बाद उपयोग में लाया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि काशीपुर को भी नई बसों का पर्याप्त आवंटन किया जाएगा। शेयरिंग टैक्सी चालकों की समस्याओं के संबंध में मंत्री ने कहा कि सरकार इस विषय पर भी गंभीरता से काम कर रही है। पुरानी गाड़ियों के निस्तारण, नई व्यवस्थाओं और परिवहन से जुड़े सभी हितधारकों को राहत देने के लिए विभिन्न प्रस्तावों पर कार्य चल रहा है। आने वाले समय में टैक्सी संचालकों और यात्रियों दोनों को इसका लाभ मिलेगा। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सड़क, परिवहन और सार्वजनिक सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा काशीपुर को आधुनिक परिवहन सुविधाओं से जोड़ने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

इस दौरान विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दर्जा राज्य मंत्री सीमा चौहान, जिलाध्यक्ष भाजपा मनोज पाल ने सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया है जिससे जनता को सरलता से योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होेने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश को अपना परिवार मानकर जन-जन की सेवा कर रहे है। विगत 5 साल में अनेक अनवरत विकास कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि जनपद में शिविर लगाकर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी जा रही है व पात्र लोगों को योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।

इस दौरान प्रभारी मंत्री ने 13.01 करोड़ के नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत 49 कार्याे का शिलान्यास व 31.35 करोड़ की काशीपुर नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें 1.97 करोड़ के 2 स्थानों पर पार्किंग कार्य, 20.43 करोड़ से नगर निगम के विभिन्न वार्डाे में 77 स्थानों पर सड़क, नाली/नाला निर्माण कार्य, 1.80 करोड़ से नगर निगम सीमान्तर्गत पीपीपी मोड में नगर के 10 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशनों के निर्माण कार्य, 7.15 करोड़ से निगम सीमान्तर्गत 05 स्थानों पर वैंडिग जोन निर्माण कार्य कराये जायेंगे।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनसेवा स्टॉलों के माध्यम से आम नागरिकों को एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। शिविर में 54 आवेदन एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर में बबीता देवी को क्रेडिट कार्ड, दानिश को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 15 हजार का चैक दिया गया व शकुन्तला देवी तथा रीना सिंह को प्रधानमंत्री आवास की चाबी सौपी गयी।

शिविर में नगर निगम, राजस्व, विद्युत, मत्स्य, कृषि, सैनिक कल्याण, उद्यान, महिला एवं बाल विकास, खाद्य विभाग, स्वास्थ्य आदि विभागों द्वारा स्टाल लगाकर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गयीे। होम्योपैथिक, आयुर्वेदिक, स्वास्थ्य विभाग द्वारा परीक्षण कर लोगों को स्वास्थ्य लाभ दिया गया।

इस दौरान ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा, मुख्य विकास अधिकारी दिनेश शाशनी, नगर आयुक्त रविन्द्र सिंह बिष्ट, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता भाजपा गुरविंदर सिंह चंडोक, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, शालिनी नेगी सहित पार्षद, जनप्रतिनिधि, अधिकारी आदि मौजूद थे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles