विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : नगर निगम सभागार में आयोजित समन्वय बैठक में जहां पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा तो वहीं अधिकारियों ने उक्त समस्याओं को एक तय समयसीमा के भीतर निस्तारित करने का आश्वासन दिया।
आपको बता दें कि मेयर दीपक बाली की अध्यक्षता में आज क्षेत्र के अधिकारियों और पार्षदों के साथ एक समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। मेयर दीपक बाली ने पार्षदों की जुबानी उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष रखवाया। अधिकांश समस्याएं ट्रांसफार्मरों का लोड बढ़ाने, नए ट्रांसफार्मर लगवाए जाने, नालियों एवं सड़कों के बीच लगे बिजली के खम्बो को हटाने, जर्जर हालत में हो चुके विद्युत खम्बों को बदलवाने तथा अनेक स्थानों पर नए खंबे लगाकर बिजली की लाइन खिंचवाने, सड़कों पर झूल रही बिजली की लाइनों को सही करने से सबंधित थीे।
एसडीओ महक मिश्रा व दीपचंद पांडे ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान हेतु समय भी निर्धारित कर दिया।
पार्षद संजय शर्मा ने बिजली और अतिक्रमण की समस्या के साथ-साथ वार्ड में मांग उठाई की बरसात का मौसम है सांप आदि व अन्य जहरीले जीव जंतु लोगों को काट रहे हैं लिहाजा इनकी वैक्सीन एवं जरूरी इंजेक्शनों की काशीपुर में ही व्यवस्था कराई जाए जिस पर एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर एसके दीक्षित ने कहा कि अस्पताल में सभी तरह की दवाइयां प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं और यदि कहीं से कोई भी सांप काटे या अन्य कोई शिकायत मिलती है तो उससे संबंधित दवाएं भी उपलब्ध हैं।

अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं उठाने वाले पार्षदों में अनिल कुमार, कुलदीप शर्मा, बीना नेगी, दीपा पाठक, पुष्कर बिष्ट, सतीश कुमार, वैशाली गुप्ता, घनश्याम सैनी, प्रिंस बाली, अब्दुल कादिर, मौहम्मद अर्शी, मयंक मेहता एवं पार्षद पति सादिक हुसैन तथा नेता प्रतिपक्ष एवं पार्षद राशिद फारुकी आदि ने अपनी अपनी जनसमस्याओं को रखा और सभी ने मेयर दीपक बाली द्वारा आयोजित कराई गई इस बैठक की जमकर सराहाना की।
मेयर दीपक बाली ने सभी विभागों के अधिकारियों से अनुरोध किया कि आज जो-जो समस्याएं आई हैं उनका समय रहते निदान कर दिया जाए और यदि किसी समस्या का निदान कर पाने में वे असमर्थ हैं तो उस समस्या का समाधान कहां से होगा इस बारे में उन्हें बताया जाए ताकि वह उस समस्या का ऊपरी स्तर से समाधान करा सकें। कार्यक्रम का संचालन कर अधीक्षक अनिरुद्ध गौड़ द्वारा किया गया।
बैठक में सिंचाई विभाग की ओर से कोई अधिकारी नहीं आया जिसे महापौर ने बहुत गंभीरता से लिया।
इस दौरान नगर आयुक्त रविन्द्र बिष्ट, एआरटीओ संदीप वर्मा, जल संस्थान के अधिकारी नरेंद्र कुमार रिखाड़ी, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से विपिन चंद्र पाठक, राजकीय चिकित्सालय से मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर एसके दीक्षित एवं डॉक्टर अजयवीर सिंह, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, मेयर प्रतिनिधि चौधरी समरपाल सिंह, जसवीर सिंह सैनी, मुकेश चावला, प्रकाश नेगी आदि मौजूद रहे।



