सुहानी अग्रवाल
देहरादून/काशीपुर (महानाद) : शहर के विकास से जुड़ी तीन बड़ी परियोजनाओं को गति देने के लिए मेयर दीपक बाली ने देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने 800 करोड़ रुपये के महत्वाकांक्षी ड्रेनेज प्लान को मंजूरी देने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया और तीन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के शिलान्यास के लिए उन्हें काशीपुर आने का निमंत्रण दिया।
मेयर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री को बताया कि ड्रेनेज प्लान के लागू होने से शहर की लंबे समय से चली आ रही जलभराव और जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनके द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और धनराशि अवमुक्त करने के संबंध में शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए हैं।
मुलाकात के दौरान मेयर बाली ने 49 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित एकीकृत प्रशासनिक ब्लॉक और 32 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित गिरीताल झील के सौंदर्यीकरण प्रोजेक्ट के लिए भी मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने दोनों परियोजनाओं की जल्द वित्तीय स्वीकृति जारी करने का अनुरोध किया, ताकि निर्माण कार्य शुरू हो सके।
मेयर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को 800 करोड़ के ड्रेनेज प्लान, एकीकृत प्रशासनिक ब्लॉक और गिरीताल झील के सौंदर्यीकरण सहित तीनों परियोजनाओं का अपने कर-कमलों से शिलान्यास करने के लिए काशीपुर आने का निमंत्रण दिया।
इसके अलावा मेयर बाली ने भू-उपयोग उच्चीकरण शुल्क में कमी किए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि मौजूदा शुल्क के चलते आम नागरिकों और भवन स्वामियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने शुल्क कम करने का आश्वासन दिया। साथ ही काशीपुर के मास्टर प्लान को जल्द लागू करने की मांग भी रखी, जिससे शहर का सुनियोजित विकास सुनिश्चित हो सके।
मेयर दीपक बाली ने काशीपुर बार एसोसिएशन की मांग का समर्थन करते हुए शहर में विशेष एनडीपीएस न्यायालय स्थापित करने का आग्रह भी किया। उनका कहना था कि इससे संबंधित मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी और न्यायिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री के सहयोग और मार्गदर्शन से काशीपुर को विकसित, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने का संकल्प पूरा करने में मदद मिलेगी। इन तीनों बड़ी परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और विकास को नई दिशा मिलेगी।



