विकास अग्रवाल
रुद्रपुर (महानाद) : कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा एसएसपी ऑफिस के घेराव एवं धरना-प्रदर्शन के दौरान एक महिला कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे इलाज हेतु जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
आपको बता दें कि पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल से संबंधित प्रकरण को लेकर कल मंगलवार, 25 अगस्त 2026 को कांग्रेस पार्टी द्वारा पुलिस कार्यालय रुद्रपुर के घेराव एवं धरना-प्रदर्शन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस कार्यालय के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था और सुरक्षा बैरिकेडिंग लगाई गई थी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस बैरिकेडिंग को बलपूर्वक हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी दौरान महिला कांस्टेबल रेखा टम्टा गंभीर रूप से चोटिल हो गईं और उनकी तबीयत बिगड़ गई।
महिला कांस्टेबल को अत्यधिक उल्टियां होने के साथ ही छाती एवं शरीर के विभिन्न हिस्सों में दर्द की शिकायत हुई। उनकी स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मियों द्वारा तत्काल उन्हें जिला चिकित्सालय रुद्रपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण किया जा रहा है।
वहीं, सीओ भूपेन्द्र सिंह धोनी ने कहा कि पूरा पुलिस परिवार कांस्टेबल रेखा टम्टा के साथ है। उन्हें जहां तक भी इलाज कराने की जरूरत होगी उनका इलाज करवाया जायेगा।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा है कि धरना-प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। पुलिस शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक प्रदर्शन के अधिकार का सम्मान करती है, लेकिन सुरक्षा बैरिकेडिंग हटाकर जबरन आगे बढ़ने या ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की किए जाने को स्वीकार नहीं किया जाएगा।



