spot_img
spot_img
Monday, September 21, 2026
spot_img

बिग ब्रेकिंग: युवक की जान लेने हल्द्वानी जेल तक पहुंच गए बदमाश

हल्द्वानी (महानाद) : हल्द्वानी जेल परिसर के पास एक व्यक्ति को जान से मारने की कथित साजिश का पुलिस ने समय रहते खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक कार से युवक का पीछा कर रहे थे और उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे। मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ी वारदात टल गई।

पुलिस के अनुसार, बाजपुर निवासी अराज सिंह सिद्धू 24 अगस्त को अपने एक मित्र से मिलने हल्द्वानी जेल आया था। इसी दौरान सौरभ बावा, गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन, मानव वाट और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति सिल्वर रंग की वरना कार से उसका पीछा करते हुए जेल परिसर के पास पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने साजिश के तहत उसका पीछा किया और जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद अराज सिंह ने 25 अगस्त को थाना हल्द्वानी में तहरीर दी। उसने आरोप लगाया कि संबंधित लोग आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके पास अवैध हथियार होने की आशंका है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 290/2026, धारा 61(2)/351(2)(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया।

CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास सुरागरसी-पतारसी के साथ CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को चिन्हित कर 25 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ बावा (24), निवासी बेरिया दौलत, बाजपुर; मानव वाट (24), निवासी दोराहा, बाजपुर; और गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन (25), निवासी बांसखेड़ी, केलाखेड़ा के रूप में हुई है।

तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के मुताबिक, सौरभ बावा और गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन के खिलाफ गदरपुर थाने में हत्या और शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामला तथा बाजपुर थाने में मारपीट, बलवा और धमकी का मामला दर्ज है। वहीं मानव वाट के खिलाफ बाजपुर थाने में वर्ष 2022 में हत्या से संबंधित और वर्ष 2026 में मारपीट, बलवा व धमकी का मामला दर्ज बताया गया है।

एक अन्य आरोपी पहले ही तमंचे के साथ पकड़ा गया था

पुलिस ने बताया कि इसी प्रकरण से जुड़े जतिन्द्र सिंह पुत्र सरदार बलविन्दर सिंह, निवासी गजरौला जोगीपुरा, बाजपुर को 24 अगस्त को 315 बोर के अवैध तमंचे और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि नैनीताल पुलिस संगीन और संगठित अपराधों के साथ आपराधिक गैंग पर लगातार नजर रख रही है। जेल परिसर, न्यायालय और अन्य संवेदनशील स्थानों पर किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles