रामनगर (महानाद) : बरेली निवासी एक व्यक्ति ने एक रिसोर्ट संचालक पर उसके साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
बरेली निवासी विकास ऐरन पुत्र प्रेम प्रकाश अग्रवाल ने रामनगर पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह अपनी पुत्री श्रेया ऐरन की शादी हेतु जून 2025 में रामनगर में 29-30 नवम्बर 2025 के लिए डीएलएस फोरेस्ट वाइन्स रिसोर्ट बुक करने गये थे। उक्त रिसोर्ट के मालिक ऋषि सचदेवा हैं तथा रिसोर्ट को रोहित सोढी, रोहन मैनोचा, राहुल मैनोचा और अभिषेक ने लीज पर ले रखा था। रिसोर्ट को बुक करने के सम्बन्ध में इनके मैनेजर मनीष व अम्बरीश मिश्रा से मुलाकात हुई थी। रिसोर्ट को जब उन्होंने देखा तो रिसोर्ट में गन्दगी थी, इस बारे में उन्होंने मैनेजर से कहा तो उसने बताया कि रिसोर्ट कुछ दिनों से बन्द था इसलिये इसमें कुछ काम होना बाकी है, हम 1-2 महीने में इसको पूर्ण कर देंगे।
प्रेम प्रकाश ने बताया कि मैनेजर ने रिसोर्ट की ओर से दी जाने वाली सेवाओं जिसमें कैटरिंग, रूम, टैंट, डेकोरेशन आदि शामिल थीं, के विषय में बताया तब उन्होंने रिसोर्ट का दो दिनों का किराया पूछा तो मैनेजर रोहित सोढी ने दो दिनों का समस्त सेवाओं सहित कुल किराया बीस लाख इक्कीस हजार रुपये बताया जिस पर उन्होंने एडवांस के तौर पर पच्चीस हजार रुपये डेबिट कार्ड के जरिये डीएलएस रिसोर्ट की स्वैप मशीन के माध्यम से ट्रांसफर कर दिये।
प्रेम प्रकाश ने बताया कि एडवांस धनराशि प्राप्त किये जाने के 10-12 दिन बाद पुनः रोहित सोढी द्वारा उनसे एक लाख पचास हजार रुपये की मांग की गयी जिस पर उन्होंने 3 बार में 1.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिये। इसके बाद रोहित सोढी ने अपने मोबाइल से एक व्हाटसएप मैसेज भेजा, जिसमें पांच रुपये के नोट की फोटो थी और कहा कि उसे तीन लाख पचास हजार रुपये की जरूरत है, जिसे वह अपने एजेंट को भेजकर लेगा, इसलिए रोहित के द्वारा पहले पांच रुपये का नोट उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप किया गया और फिर वही नोट अपने एजेंट को देकर उनके पास भेजा और उन्हें फोन करके कहा कि 3,50,000 रुपये उसके एजेंट को, जब वह वही पांच रुपये का नोट दिखाये जो उसने उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप किया है, उसके नम्बर जांच करके दे देना।
प्रेम प्रकाश ने बताया कि जब उन्होंने इस तरह भुगतान किये जाने को मना किया और ऑनलाईन या चैक अथवा एकाउण्ट ट्रांसफर के माध्यम से भुगतान करने को कहा तो रोहित सोढी ने मना कर दिया। मजबूरन उन्होंने 10.07.2025 को रोहित सोढी के एजेंट को 3,50,000 रुपये दे दिये। इस प्रकार रोहित सोढी के पास उनके कुल 5,25,000 रुपये का भुगतान किया जा चुका था।
प्रेम प्रकाश ने बताया कि जब व लोग 8 अगस्त को पुनः उक्त रिसोर्ट को देखने पहुँचे तो देखा कि रिसोर्ट में रोहित सोढी द्वारा कोई कार्य नहीं कराया गया था, सब तरफ गन्दगी फैली हुई थी, तो हमने उनसे कहा कि आपके द्वारा अभी तक कोई कार्य क्यों नही कराया गया है तो उन्हो,ने कहा कि जब आप अगली बार आयेंगे तब तक सारा कार्य करा देंगे। इसके बाद दिनांक 27.09.2025 को उनके समधी लोग रिसोर्ट की सारी व्यवस्थायें देखने गये थे तब भी रिसोर्ट में कोई साफ सफाई आदि नही हुई थी तो वहां पर मैनेजर से वार्ता की गई तो मैनेजर ने कहा कि जैसा है वैसा ही मिलेगा आप चाहें तो कैसिंल कर दो रिसोर्ट।
इस पर उन्होंने रोहित सोढी से बात की तो सोढी ने भी यही का कहा कि ठीक है कैंसिल कर दो। जब उन्होंने कहा कि हमारे पैसे वापस कर दो तो रोहित सोढी ने पैसे वापस करने से मना कर दिया और दिनांक 29.09.2025 को जरिये ईमेल रोहित सोढी द्वारा यह कहते हुये कि आप और पैसे कैश में जमा नहीं कर रहे हो इसलिये रिसोर्ट की बुकिंग कैसिल की जाती है।
प्रेम प्रकाश ने बताया कि रोहित सोढी द्वारा रिसोर्ट कैंसिल किये जाने के बाद उन्हें अपनी पुत्री की शादी के लिये दूसरा रिसोर्ट बुक करना पडा। रोहित सोढी द्वारा उनके साथ धोखाधड़ी की गई है। उन्होंने रोहित सोढी के खिलाफ कानूनी कार्यवाही कर उनके पांच लाख पच्चीस हजार रुपये वापस दिलाने की मांग की है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने रोहित सोढी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई देवेन्द्र सिंह राजपूत के हवाले की है।



