विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : सामाजिक समरसता, मानव एकता, भाईचारे एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए काशीपुर निवासी एवं कांग्रेस अनुसूचित जाति/जनजाति विभाग के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष जय सिंह गौतम को ‘राजीव गांधी गौरव अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा नई दिल्ली के सर्वाेच्च न्यायालय के ऑडिटोरियम में आयोजित सद्भावना महोत्सव में प्रदान किया गया।
भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के समापन अवसर पर आयोजित समारोह में देशभर की 85 विशिष्ट प्रतिभाओं को विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। जय सिंह गौतम को उनके रचनात्मक कार्यों, सामाजिक सेवाओं, सदाचारी जीवन एवं समाजहित में किए जा रहे प्रयासों के लिए यह सम्मान दिया गया।
सम्मान समारोह में विभिन्न राज्यों से आए सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद्, अधिवक्ता, चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मंच ने जय सिंह गौतम के सामाजिक समरसता एवं भाईचारे को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में समानता, मानव एकता और विश्व बंधुत्व की भावना को मजबूत करते हैं।
सम्मान पत्र पर न्यायमूर्ति परमात्मा झा, डॉ. जितेंद्र सिंह, डॉ. एपी सिंह, डॉ. एमसी गणेशिया एवं डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा सहित मंच से जुड़े प्रमुख पदाधिकारियों के हस्ताक्षर अंकित हैं। जय सिंह गौतम ने सम्मान के लिए आभार जताते हुए सामाजिक समरसता और भाईचारे के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। उनके सम्मान पर क्षेत्र के सामाजिक एवं राजनीतिक लोगों ने बधाई दी।



