spot_img
spot_img
Friday, September 18, 2026
spot_img

बड़ी खबर : हल्द्वानी से कालाढूंगी तक सड़क होगी फोरलेन

हल्द्वानी (महानाद) : हल्द्वानी से कॉर्बेट पार्क जाने वाले पर्यटकों और रोजाना इस मार्ग पर सफर करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। लोक निर्माण विभाग ने हल्द्वानी से कालाढूंगी तक करीब 29 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन करने की दिशा में कवायद शुरू कर दी है। फिलहाल यह सड़क टू-लेन है।

सड़क चौड़ी होने के बाद हल्द्वानी और कालाढूंगी के बीच यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही कॉर्बेट पार्क जाने वाले पर्यटकों के लिए भी सफर आसान हो सकेगा।

रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं

हल्द्वानी-कालाढूंगी मार्ग पर पिछले कुछ वर्षों में आबादी और वाहनों का दबाव लगातार बढ़ा है। कालाढूंगी में मुख्य बाजार और तहसील होने के कारण रोजाना बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग से आवाजाही करते हैं। इसके अलावा कॉर्बेट पार्क जाने वाले पर्यटक भी इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं।

रामनगर, काशीपुर, जसपुर, हरिद्वार, देहरादून और गढ़वाल के पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने-जाने वाले लोगों के लिए भी यह प्रमुख मार्ग है। उत्तर प्रदेश के नजीमाबाद और बिजनौर से आने वाले वाहन भी इसी सड़क से गुजरते हैं।

वर्तमान में सड़क की चौड़ाई करीब सात मीटर है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता प्रत्युष कुमार के अनुसार, इसे फोरलेन करने पर डामर की चौड़ाई करीब 14 मीटर हो जाएगी। विभाग की ओर से सर्वे प्रक्रिया आगे बढ़ने के बाद वन भूमि और निजी भूमि की पैमाइश की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

पूर्व में कराए गए ट्रैफिक सर्वे में लामाचौड़ क्षेत्र में रोजाना 9,729 वाहन, जबकि कालाढूंगी से आगे नयागांव क्षेत्र में करीब 21,870 वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई थी।

गोलापार-चोरगलिया सड़क भी होगी चौड़ी

हल्द्वानी के गोलापार से चोरगलिया तक करीब 30 किलोमीटर सड़क को फोरलेन करने के लिए भी विभागीय सर्वे चल रहा है। इस हिस्से में पेड़ों की गणना पूरी हो चुकी है और करीब सात हजार पेड़ इसकी जद में आने की बात सामने आई है।

चोरगलिया के बाद खटीमा तक सड़क चौड़ीकरण का काम एनएचएआई के दायरे में आएगा। वहीं गोलापार-चोरगलिया हिस्से के लिए परियोजना की लागत का आकलन अभी किया जाना बाकी है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles