विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : हर वर्ष की भांति शारदीय नवरात्र की अष्टमी तिथि को (रविवार) को आशीष शर्मा खुट्टू के नेतृत्व में मां मंसा देवी की 54वीं विशाल शोभायात्रा निकाली गई।

आपको बता दें कि काशीपुर में शारदीय नवरात्रि की अष्टमी तिथि को उत्तर भारत की सुप्रसिद्ध मां मंसा देवी की विशाल शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें सौ से ज्यादा झांकी, डीजे, बैंड शामिल रहे। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने माता के डोले के दर्शन कर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।

पूजा अर्चना के बाद मेयर दीपक बाली ने शोभायात्रा का शुभारंभ किया। जिसके बाद शोभायात्रा मां मंसा देवी मंदिर मौ. लाहोरियान से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों मेन बाजार से होते हुए चामुंडा मंदिर के लिए रवाना हुई जहां से वापस मध्यरात्रि में वापस मां मंसा देवी मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई। शोभा यात्रा का शहर में विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा और जलपान के माध्यम से स्वागत किया गया।

आपको बता दें कि शोभायात्रा का इतिहास वर्षों पुराना है। शुरुआत में शारदीय नवरात्रि की अष्टमी तिथि को मां की प्रतिमा को टोकरी में रखकर पूरे शहर में भ्रमण कराया जाता था। धीरे-धीरे मां मंसा देवी की शोभा यात्रा बड़े स्तर पर निकाली जाने लगी। सबसे पहले इस शोभायात्रा का नेतृत्व रमेश चंद्र शर्मा उर्फ खुट्टू मास्टर करते थे, उनके निधन के बाद उनके बेटे विकास शर्मा व उनके असमायिक निधन के बाद उनके छोटे भाई आशीष शर्मा खुट्टू ने इस शोभायात्रा की कमान संभाल ली है।



