spot_img
spot_img
Tuesday, November 3, 2026
spot_img

गरीब दुकानदारों के लिए नगर निगम में सजा स्वदेशी मेला, मेयर दीपक बाली ने किया शुभारंभ

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : नगर निगम परिसर में सोमवार को दूसरी बार आयोजित भव्य दीपावली स्वदेशी मेले का मेयर दीपक बाली ने विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने नगर एवं क्षेत्रवासियों से मेले में पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वदेशी सामान खरीदकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती देने के साथ ही छोटे और गरीब दुकानदारों का उत्साहवर्धन भी किया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि पहले दीपावली मेले का आयोजन जीजीआईसी के सामने स्थित पुरानी जेल परिसर में किया जाता था। लेकिन वहां मल्टी स्टोरी पार्किंग का निर्माण शुरू होने के कारण मेले के आयोजन में परेशानी आने लगी थी। इससे छोटे दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया था। दुकानदारों की परेशानी को समझते हुए मेयर दीपक बाली ने पिछले वर्ष से नगर निगम परिसर में मेले का आयोजन शुरू कराया था। पिछले वर्ष मिली सफलता के बाद इस बार भी मेले के लिए इसी स्थान को चुना गया है। यह मेला दीपावली तक जारी रहेगा।

आपको बता दें कि मेले में कुल 53 दुकानें लगाई गई हैं, जहां स्वदेशी उत्पादों के साथ ही सौंदर्य प्रसाधन, चूड़ियां, प्लास्टिक की मालाएं, इलेक्ट्रिक झालरें, मिट्टी के दीये, मूर्तियां, कैलेंडर, तस्वीरें और खान-पान की सामग्री उपलब्ध है। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार मिट्टी की मूर्तियां, हस्तनिर्मित पायदान, दरी, मिट्टी की हटरी, गुलदस्ते, डलिया, टोकरी, बेडशीट और कुशन कवर विशेष आकर्षण बने हुए हैं। इसके अलावा गोबर से बने उत्पाद, पीओपी की मूर्तियां और चाय-खाने के स्टॉल भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।

मेले में हथकरघा डिजाइन सेंटर की ओर से भी प्रदर्शनी लगाई गई है। इसके संचालक राज्य स्तर पर सम्मानित मौहम्मद इसरार हुसैन हैं। वहीं, मेले में बनाया गया सेल्फी प्वाइंट भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां पहुंचकर लोग तस्वीरें खिंचवा रहे हैं और पिछली बार की यादें ताजा कर रहे हैं। मेले में ग्राहकों की आवाजाही भी शुरू हो गई है।

उद्घाटन के अवसर पर मेयर दीपक बाली ने मेले का भ्रमण कर विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और दुकानदारों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। दुकानदारों एवं उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। मेले में दुकानदारों और ग्राहकों की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

इस अवसर पर नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, शालिनी नेगी, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, चौधरी समरपाल सिंह, सफाई निरीक्षक दिनेश ध्यानी, पार्षद पुष्कर बिष्ट, सीमा सागर, प्रिंस बाली, बीना नेगी, नगर निगम कर्मचारी तनवीर आलम, पीयूष प्रधान, चेतन अरोरा, जसवीर सिंह सैनी, राजकुमार यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कर अधीक्षक अनिरुद्ध गौड़ ने किया।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles