विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : आईजी कुमायूं निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में आईटीआई कोतवाली पुलिस एवं औषधि निरीक्षक ने 2 मेडिकल स्टोरों पर छापा मारकर 3,207 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद की हैं। उक्त मेडिकल स्टोर संचालकों में से एक जसपुर तथा दूसरा मुरादाबाद का रहने वाला है।

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड’ के संकल्प को साकार करने के लिए आईजी कुमायूं निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में कुमाऊँ पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई की जा रही है। उक्त क्रम में दिनांक 30.10.2026 की देर सायं रेंज एसओटीएफ कुमाऊँ, थाना आईटीआई, काशीपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर एवं औषधि निरीक्षक ऊधम सिंह नगर की संयुक्त टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर थाना आईटीआई क्षेत्रान्तर्गत खड़कपुर-देवीपुरा स्थित दो मेडिकल स्टोरों पर चेकिंग की गई।
1. कृकृष्णा मेडिकल स्टोर से 2,944 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद –
संयुक्त टीम द्वारा रोहित कुमार (30 वर्ष) पुत्र नन्हें सिंह, निवासी ग्राम मऊ, थाना सिविल लाइन, मुरादाबाद (हाल निवासी ग्राम गिन्नी खेड़ा, थाना आईटीआई, काशीपुर), के कृष्णा मेडिकल स्टोर, खड़कपुर देवीपुरा, काशीपुर की चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान मेडिकल स्टोर से 2,344 ट्रामाडोल एवं 600 अल्प्राजोलम की प्रतिबंधित टैबलेट बरामद हुईं।
बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध थाना आईटीआई में एनडीपीएस एक्ट के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की गई। उल्लेखनीय है कि अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएसै एक्ट के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत हो चुका है।
2. राधिका मेडिकल स्टोर से 263 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद, लाइसेंस निरस्तीकरण तथा मेडिकल स्टोर सील की कार्रवाई
इसके अतिरिक्त संयुक्त टीम द्वारा घनश्याम सिंह (35 वर्ष) पुत्र जीवाराम, निवासी वार्ड नम्बर-4, ईदगाह रोड, जसपुर पट्टी, थाना जसपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर के राधिका मेडिकल स्टोर, खड़ेपुर देवीपुरा की चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान मेडिकल स्टोर से 124 ट्रामाडोल एवं 139 अल्प्राजोलम की प्रतिबंधित टैबलेट बरामद हुईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए औषधि निरीक्षक द्वारा मौके पर मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई तथा तहसीलदार द्वारा मेडिकल स्टोर को सील किया गया ।
संयुक्त कार्यवाही करने वाली टीम में प्रभारी एसओटीएफ कुमाऊँ परिक्षेत्र मय टीम, एसआई बसंत पंत, कां. धर्मेन्द्र भारती तथा औषधि निरीक्षक नीरज कुमार मय टीम के शामिल थे।
आईजी कुमाऊँ का संदेश –
आईजी निवेदिता कुकरेती द्वारा स्पष्ट किया गया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों एवं प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशे के सौदागरों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



