विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : काशीपुर पुलिस ने बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर फर्राटा भरने वाले बाइक चालकों पर बड़ा प्रहार करते हुए एक दर्जन मोटर साईकिलों को सीज कर दिया।
आपको बता दें कि एसएसपी अजय गणपति के निर्देशानुसार जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में काशीपुर पुलिस द्वारा बिना नंबर प्लेट के मोटरसाईकिल संचालित करने वाले चालकों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर चेकिंग करते हुए बिना नंबर प्लेट के सड़क पर दौड़ रही एक दर्जन मोटरसाईकिलों को सीज किया गया।
बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि आपराधिक घटनाओं में ऐसे वाहनों की पहचान करना भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इसी के दृष्टिगत काशीपुर पुलिस द्वारा ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए यह कार्रवाई की गई।
पुलिस का संदेश -आमजन अपने वाहनों पर नियमानुसार नंबर प्लेट अवश्य लगवाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध काशीपुर पुलिस की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।



