spot_img
spot_img
Tuesday, October 27, 2026
spot_img

बिग ब्रेकिंग : बांग्लादेश छोड़ कर भागी प्रधानमंत्री शेख हसीना

महानाद डेस्क : बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना भारी हिंसा और बवाल के होने के बाद अपनी बहन के साथ बांग्लादेश से भाग गई हैं। सूत्रों के अनुसार शेख हसीना भारत पहुंचेंगी और वहां से लंदन जा सकती हैं।

बांग्लादेश से आ रही खबरों के अनुसार प्रधानमंत्री शेख हसीना मिलिट्री के हेलिकॉप्टर में सवार होकर भारत के लिए निकली हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है और अब देश की कमान सेना ने संभाल ली है। हसीना अपना सरकारी आवास छोड़ कर अपनी बहन के साथ बाहर निकली हैं। बांग्लादेश के कानून मंत्री अनीसुल हक ने कहा कि देखिए, क्या स्थिति बनती है। अभी हालात बेहद खराब हैं। मुझे भी नहीं पता कि क्या होगा।

आपको बता दें कि बांग्लादेश में हालात इतने बिगड़ गए हैं कि उपद्रवियों ने प्रधानमंत्री निवास पर कब्जा कर लिया है। उसमें भारी तोड़फोड़ की गई है। वहीं प्रदर्शनकारी हजारों छात्रों ने ढाका मार्च निकाला है और ये लोग राजधानी पहुंच रहे हैं। वहां पहले से ही बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं।

उधर, आर्मी चीफ वकार-उज-जमां ने कहा कि सत्ता का हस्तांतरण चल रहा है। जल्दी ही एक अंतरिम सरकार का गठन किया जाएगा। सभी हत्याओं की जांच की जाएगी। जनता को सेना पर भरोसा रखना होगा। उन्होंने जनता से शांति की अपील करते हुए कहा कि आप हम लोगों पर भरोसा करें, साथ मिलकर काम करेंगे। कृपया मदद करें। हमें लड़ने से कुछ भी फायदा नहीं होगा, संघर्ष को टालिए, हम मिलकर एक सुंदर देश बनाएंगे।

विदित हो कि बांग्लादेश में यह पूरा विवाद 1971 के स्वतंत्रता आंदोलन में हिस्सा लेने वाले लोगों के परिजनों को सरकारी नौकरियों और दाखिलों में आरक्षण के विरोध से शुरू हुआ था। अब तक इस हिंसा में 300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। शेख हसीना सरकार ने आंदोलन को कुचलने के लिए सेना को ही उतार दिया था, जिससे विवाद और बढ़ गया।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles