spot_img
spot_img
Thursday, March 26, 2026
spot_img

बुजुर्ग महिला के कान काटकर लूटे कनफूल और गले की मटरमाला

मोहित गोयल
सल्ट (महानाद) : क्षेत्र के पीपना गांव में रविवार को एक बुजुर्ग महिला के साथ दिनदहाड़े लूट की घटना सामने आई है। आरोपी महिला के कान काटकर कनफूल और गले की मटरमाला लूट कर फरार हो गये।

मिली जानकारी के मुताबिक 60 वर्षीय कौशल्या देवी पीपना गांव में अकेली रहती हैं। रविवार दोपहर को वह सोली गांव में किसी रिश्तेदार के यहां आई थीं। लौटते समय गाड़ी से उतरने के बाद महिला पैदल अपने घर जाने लगीं। इसी बीच घात लगाए बैठे आरोपी ने महिला का गला और मुंह दबाकर कानों से कनफूल और गले की मटरमाला छीन ली और देखते ही देखते खेतों की तरफ भागकर फरार हो गया।

महिला ने बताया कि आरोपी ने गुलाबी रंग की शर्ट और जींस पहनी हुई थी, उसने महिला का मुँह बंद कर लूट को अंजाम दिया, ताकि महिला चिल्ला ना सके। घटना के बाद से महिला के दोनों कानों से रक्तस्राव होने लगा। जैसे-तैसे महिला गांव पहुंची और ग्रामीणों को पूरी घटना बताई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और ग्राम प्रधान देवेन्द्र सिंह कड़ाकोटी कुछ ग्रामीणों के साथ मिलकर महिला को देवायल चिकित्सालय लेकर गए जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर आरोपी की तलाश की, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं लगा।

थानाध्यक्ष अजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि ग्रामीणों के साथ मिलकर रामपुर, पिपाना, दाड़ीमी आदि क्षेत्रों में तलाश की जा रही है। इसके साथ ही मरचूला चेकपोस्ट और सदर तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि महिला के तीन लड़के हैं। तीनों बाहर शहर में नौकरी करते हैं। गांव में महिला अकेले रहती है।

वहीं देवायल चिकित्सालय में तैनात डॉक्टर अफजल खान ने जानकारी देते हुए बताया कि बुजुर्ग महिला के दोनों इयर पिन्ना कटने के कारण खून का रिसाव अधिक हो रहा था, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रोक दिया गया है। दोनों कानों की सूक्ष्म सर्जरी की जानी है। जिसके लिये ईएनटी विशेषज्ञ से इलाज कराने की सलाह दी गयी है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles