पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : एक महिला द्वारा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने से नाराज भाजपाईयों एवं अन्य सामाजिक लोगों ने कोतवाली में तहरीर देकर उक्त महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
आज शुक्रवार को महिला द्वारा सोशल मीडिया पर अश्लील भाषा का प्रयोग करने तथा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मामले में भाजपाइयों ने कोतवाली पहुंचकर उप निरीक्षक हरीश आर्य को दर्जनों हस्ताक्षर युक्त तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की।
भाजपाइयों ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि एक महिला द्वारा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक व अश्लील भाषा का प्रयोग कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई है, साथ ही उत्तराखंड प्रदेश के कुमाऊं एवं गढ़वाल की महिलाओं व पुरुषों का अपमान किया गया है। जिससे महिलाओं व पुरुषों में रोष व्याप्त है।
तहरीर में कहा गया कि उक्त महिला ने कुमाऊं एवं गढ़वाल क्षेत्र की महिलाओं के लिए अपमानजनक एवं अश्लील भाषा का प्रयोग किया तथा हमारे देवी देवताओं के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई, कुमाऊं की सांस्कृतिक परंपराओं कोतिको को एवं लोक नृत्य में भाग लेने वाली महिलाओं को नीचा दिखाया गया, संपूर्ण पहाड़ी समाज एवं ग्रामीण जनता को अपमानजनक शब्दों से संबोधित कर सामाजिक सौहार्द बिगड़ने का प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि उक्त कृत्य से कुमाऊं क्षेत्र की महिलाओं, माता, बहनों एवं बेटियों की गरिमा को गंभीर ठेस पहुंची है तथा समाज में तनाव व आक्रोश की स्थिति उत्पन्न हुई है। यह कृत्य धार्मिक भावनाओं को आहत करने, महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने एवं सामाजिक वैमनस्य फैलाने की श्रेणी में आता है। उन्होंने उक्त महिला के विरुद्ध प्रचलित कानून के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसे आपत्तिजनक वक्तव्यों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर उचित दंड सुनिश्चित किया जाए, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो सके।
तहरीर देने वालों में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष राजकुमार सिंह चौहान, भाजपा पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष सुधीर विश्नोई, महामंत्री रवि मनी, संजय कुमार, गौरव प्रजापति, अभिषेक चौहान, महेश प्रजापति, शाहिद, विनोद कुमार प्रजापति, सईद, धर्मेंद्र, नीरज कुमार आदि दर्जनों लोग मौजूद रहे।



