विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : खल लेने बाजार जा रहे एक युवक ने बाप-बेटे पर उसे घर के अंदर खींचकर चमड़े की बेल्ट से मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
ग्राम पैगा निवासी बलविंदर सिंह पुत्र जागीर सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 05.11.2026 को सुबह के लगभग 8ः30 बजे वह अपनी मोटर साईकिल से पशुओं क िखल लेने पैगा जा रहा था। जब वह धर्मेन्द्र के घर के पास पहुंचकर मोटरसाईकिल से उतरा ही था कि तभी धर्मेन्द्र उसके पास आया और भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा और उसे जबरदस्ती खीचंकर अपने घर के अन्दर ले गया।
बलविंदर ने बताया कि वहां पर धर्मेन्द्र ने उसे अपने घर में बंद कर दिया। वहां पर उसका छोटा लड़का भी आ गया, दोनों ने उसे चमड़े की बेल्ट से बहुत मारा, उसके पूरे शरीर में गहरे लाल निशान आये हैं।
बलविंदर ने बताया कि धर्मेन्द्र उससे पहले से ही रंजिश रखता है। धर्मेन्द्र ने पुलिस को झूठी सूचना भी दी कि वह उसे मारने आया था। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर आयी, जिन्होंने उसे छुड़ाया। धर्मेन्द्र उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था। उसे उन लोगों से जान माल का खतरा है। उसने उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
बलविन्दर की तहरीर के आधार पर पुलिस ने धर्मेन्द्र व उसके बेटे के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 127(2), 353(3), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई विक्रम सिंह धामी के सुपुर्द की है।



