spot_img
spot_img
Thursday, March 26, 2026
spot_img

देवस्थानम बोर्ड भंग करने की मांग को लेकर आप कार्यकर्ताओं ने किया भाजपा विधायक के कार्यालय पर प्रदर्शन

आकाश गुप्ता
काशीपुर (महानाद) : देवस्थानम बोर्ड को तत्काल भंग करने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज उत्तराखंड चुनाव कैंपेन कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाली के निर्देश पर जोनल प्रभारी तथा जिला उपाध्यक्ष अभिताभ सक्सैना के नेतृत्व में भाजपा विधायक हरभजन सिंह चीमा के कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर सक्सैना ने कहा कि पहले तो भाजपा खुद को हिंदू धर्म का ही ठेकेदार बताती थी मगर अब तो वह मंदिरों का भी ठेकेदार बनने की कोशिशें कर रही है, जो बेहद निंदनीय हैं। आम आदमी पार्टी भाजपा के इस धर्म विरोधी कृत्य को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि यह देवभूमि है और यहाँ भाजपा द्वारा पूरे विश्व के हिंदुओं की अपार आस्था के केंद्र चार धामों के पुरोहित पंडाओं के अधिकारों के विरुद्ध देवस्थानम बोर्ड बनाकर भाजपा ने जो षड्यंत्र रचा है उसकी जितनी भी निंदा की जाए वह कम है।

सक्सैना ने कहा कि आदि ऋषि शंकराचार्य ने चारों धामों के संरक्षण की जो जिम्मेदारी अपने वंशजों को सौंपी थी उस व्यवस्था में नाजायज दखल देकर भाजपा सरकार उन्हें उनके अधिकारों से वंचित करने का काम कर रही है।

आप कार्यकर्ता जोनल प्रभारी एवं जिला उपाध्यक्ष अभिताभ सक्सैना के नेतृत्व में विधायक कार्यालय पर एकत्र हुए। लेकिन पूर्व की भांति इस बार भी विधायक अपने कार्यालय में मौजूद ही नहीं मिले। आप कार्यकर्ताओं ने विधायक कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रदेश की भाजपा सरकार से देवस्थानम बोर्ड को तत्काल भंग किए जाने की मांग की।

आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया सेल के प्रभारी पवित्र शर्मा एवं महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गीता रावत ने कहा कि भाजपा हिंदू मान्यताओं से जिस तरह से खिलवाड़ कर रही है वह अत्यंत निंदनीय है।

प्रदर्शन में पार्टी के युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष आकाश मोहन दीक्षित, आरेंद्र वर्मा, मनोज कुमार शर्मा, अनुराग शर्मा, रजनी ठाकुर, नील कमल शर्मा, विजय शर्मा, आयुष मेहरोत्रा, मौहम्मद, शहजाद अंसारी, मौहम्मद फैज, ठाकुर मोहित चौहान, विवेक शुक्ला सहित दर्जनों आप कार्यकर्ता शामिल रहे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles