spot_img
spot_img
Sunday, March 8, 2026
spot_img

डीएम पहुंचे अल्ली खां, प्रशासन ने कर दी ये कार्रवाई

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : 21 सितंबर को हुए बवाल के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में है। आज डीएम नितिन सिंह भदौरिया काशीपुर पहुंचे और मौ. अल्ली खां का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अराजकता कतई बर्दाश्त नही की जायेगी। अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को क्षेत्र में सभी प्रकार की योजनाओं का सत्यापन करने के निर्देश दिये।

आपको बता दें कि आज मंगलवार को डीएम नितिन भदौरिया ने मौहल्ला अल्ली खां क्षेत्र का अधिकारियों के साथ मौका मुयायना किया। उन्होंने मौके पर हटाये गये अतिक्रमण का निरीक्षण करते हुए सभी नालियों की सफाई कराने के निर्देश नगर आयुक्त को दिये वहीं उन्होंने सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश भी दिये।

डीएम भदौरिया ने एसपी कार्यालय में विगत दिनों हुई घटना की विस्तृत जानकारी लेते हुए अधिकारियों को नालियों से अतिक्रमण हटाने व सफाई कराने, हाउस टैक्स, दुकानों के लाइसेंस जांच के साथ ही क्षेत्र में रह रहे लोगों का सत्यापन करने, वोटर लिस्ट सत्यापन, विद्युत संयोजनों, पेयजल संयोजनों व राशन कार्डाे का शत प्रतिशत सत्यापन करने के निर्देश दिये।

डीएम ने मौहल्ला अल्ली खां क्षेत्र में रात्रि गश्त करने के निर्देश पुलिस को दिये, साथ ही उप खण्ड अधिकारी विद्युत को विद्युत संयोजनों का सत्यापन करते हुए जिन लोगों के विद्युत बिल लम्बित हैं अथवा जिन घरों में विद्युत संयोजन नहीं हैं, उनको नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। उन्होंने पूर्ति अधिकारी को सघन अभियान चलाकर राशन कार्डाे का सत्यापन करने के निर्देश दिये। जो लोग राशन कार्डाे सत्यापन नहीं करा रहे हैं, उनके राशन कार्ड निरस्त करने के निर्देश भी दिये।

डीएम के आदेश के क्रम में क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक ने बताया कि अब तक 401 राशन कार्डाे का सत्यापन किया गया, जिसमें से 83 राशन कार्ड अपात्र पाये गये, जिनके निरस्तीकरण की संस्तुति कर दी गयी है।

नगर आयुक्त ने बताया कि मौहल्ला अल्ली खां में लगभग 200 अतिक्रमण हटाये गये।

उप खण्ड अधिकारी विद्युत ने बताया कि विद्युत संयोजनो का सत्यापन किया जा रहा है, 13 विद्युत संयोजन विभिन्न कमियां पाये जाने पर काटे गये है।

डीएम भदौरिया ने सभी से अफवाहों पर कतई ध्यान न देने व शान्ति व सौहार्द का परिचय देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। उन्होंने कहा अतिक्रमण के खिलाफ कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

बैठक में एडीएम पंकज उपाध्याय, एसपी अभय सिंह, नगर आयुक्त रविन्द्र बिष्ट, एसडीएम अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार पंकज चन्दोला, उप खण्ड अधिकारी विद्युत महक मिश्रा, क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षण मलकीत सिंह आदि मौजूद थे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles