आकाश गुप्ता
काशीपुर (महानाद) : अधिवक्ताओं और वादकारियों की सुरक्षा के लिए कचहरी परिसर को सीसीटीवी कैमरों से कवर किया जाएगा। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने इस संबंध में एसपी काशीपुर चंद्रमोहन सिंह से जसपुर व काशीपुर के अधिवक्ताओं के चैंबर्स के चारों और सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्वांइट चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार दोपहर काशीपुर पहुंचे एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से काशीपुर और जसपुर सहित जिले के अन्य कोर्ट परिसरों में अराजक तत्वों की ओर से मारपीट और अभद्रता किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। कुछ लोग अनावश्यक रूप से अधिवक्ताओं से उलझ जाते हैं। कई बार वादकारी आपस में भी एक दूसरे के साथ मारपीट करते रहते हैं। इससे कोर्ट परिसर का माहौल खराब होता है और अधिवक्ताओं और वादकारियों में असुरक्षा की भावना पैदा होती है।
एसएसपी ने काशीपुर के एसपी चन्द्रमोहन सिंह को निर्देशित किया कि बार एसोसिएशनों का सहयोग लेकर काशीपुर और जसपुर कोर्ट परिसरों में सीसीटीवी कैमरों की कवरेज बढ़ाने के निर्देश दिये ताकि वारदात होने पर जांच में सीसीटीवी की मदद ली जा सके। इसके अलावा कोर्ट परिसर में अराजकता फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ मुकदमें दर्ज कर कठोर कार्यवाही की जा सके। उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए जनप्रतिनिधियों से मदद ली जाएगी।



