हल्द्वानी (महानाद) : एक 68 साल की वृद्ध महिला ने अपनी बहू पर अपनी मां-बहनों के साथ मिलकर उनके घर में अवैध कब्जा व उन पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
सोनकर फार्म, शिवालिक कॉलोनी (तीन पानी), बरेली रोड, हल्द्वानी, जिला नैनीताल निवासी विद्या देवी पत्नी राजाराम ने एसएसपी नैनीताल को शिकायती पत्र देकर बताया कि 68 वर्ष की वृद्ध महिला है एवं उनके पति राजाराम 74 वर्ष के हैं और उनकी दो बार बाईपास सर्जरी हो चुकी हैं। दिनांक 15 जुलाई 2025 को उनकी बहू चन्द्रा आर्य तथा उसकी माँ सरूली देवी, बहनें लता एवं उसकी बेटी, पूजा, सुनीता एवं अन्य परिजनों न सुनियोजित तरीके से अपने चेहरे नकाब से ढक कर पहचान छिपी रहने की नीयत से संगठित होकर उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
विद्या देवी ने बताया कि उक्त लोगों ने उनके मकान के गेट का ताला तोड़कर तथा बाउंड्रीवाल लांघकर जबरन घर में घुसपैठ की। अंदर आते ही उन्होंने उन पर एवं उनके पति पर हमला करने की कोशिश की। उन्होंने घर के अंदर भागकर, कमरों के दरवाजे बंद कर किसी प्रकार अपनी जान बचाई। उक्त लोगों ने पत्थर मारकर सीसीटीवी कैमरे, घर की खिड़कियों के शीशों सहित अन्य वस्तुओं, गमले आदि को भी तोड़ दिया, उन्हें गालियाँ व धमकियाँ दी गईं, झूठे आरोप लगाए गए तथा घर में खुलेआम हंगामा कर देर रात्रि तक तमाशा किया, जिसमें सरूली देवी के पति सुरेश चंद्र, लता के पति सुरेश यादव, पूजा के पति, सुनीता के पति शंकर राम, उनकी बहू के भाई पप्पू निवासी नयागांव, तीनपानी, हल्द्वानी, कृष्णा निवासी सुनालपुर, गोरापड़ाव, हल्द्वानी ने अपराध करने की साजिश की, अपराध में हर संभव मदद की गई, कुछ ज्ञात अज्ञात लोगों द्वारा अपराध करने के लिए उकसाया गया।
विद्या देवी ने बताया कि उक्त घटना की शिकायत दिनांक 16.07.2025 को संबंधित थाना/ चौकी को दे दी गई थी, किन्तु आज दिनांक तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे अब आरोपियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि उनकी बहू चन्द्रा आर्य व उसकी माँ ने उनके सर्वेन्ट क्वार्टर का ताला तोड़ दिया और अब बेखौफ उस स्थान पर अवैध रूप से वहाँ की वस्तुओं का इस्तेमाल कर रहीं हैं। आम जन व प्रशासन को गुमराह करने के लिए उनके दरवाजे के आगे बरामदे में ही भोजन बनाने एवं सोने का नाटक कर रहे हैं। सहानभूति पाने के लिए उनकी 2.5 वर्षीय पोती का उसके मासूम बचपन से खिलवाड़ कर हमारे घर को कब्जाने की नीयत से बाहर दरवाजे पर बैठकर रात दिन नाटक कर अभद्र भाषा में गालियाँ धमकियाँ, झूठे आरोप लगा, दरवाजे तोड़ने का प्रयास कर घर के अंदर घुसने कि निरंतर कोशिशें की जा रही हैं, जिसमे चन्द्रा आर्य के उपरोक्त वर्णित परिजन निरंतर साजिश, मदद कर रहे हैं।
विद्या देवी ने बताया कि वह अपने घर में भय के वातावरण में बंद हैं और 112 आदि पर अनेकों फोन करने के बाद भी प्रशासन के बर्ताव से बुरी तरह टूट चुके हैं। उनकी तबीयत अत्यंत खराब रहती है तथा उनके पति की स्थिति गंभीर है। उन्हें अति शीघ्र परीक्षण कि आवश्यकता है, इस प्रकार की गतिविधियों से उनके पति और उनके जीवन को सीधा खतरा उत्पन्न हो गया है।
विद्या देवी ने बताया कि उनकी बहू व उनके पुत्र अनुराग भारतीय के मध्य वैवाहिक विवाद न्यायालय में विचाराधीन है, साथ ही चन्द्रा आर्य द्वारा उनके वृद्ध पति पर झूठे आरोपों (बलात्कार का प्रयास व मारपीट) के तहत दिनांक 09.07.2025 को एफआईआर दर्ज के साथ मीडिया में गलत बयानबाजी की गई है, जिससे हमारी सामाजिक मान-प्रतिष्ठा और मानसिक स्थिति को अत्यधिक आघात पहुँचा है। उन्हें तत्काल प्रभाव से सुरक्षा एवं न्याय की आवश्यकता है।
एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने 10 नामजद व अन्य अज्ञात के विरुद्ध बीएनएस की धारा 191(2), 324(4), 333, 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई सिमरन के हवाले की है।



