विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : काशीपुर के ग्राम पच्चावाला में आज 5 अवैध मजारों पर धामी का बुलडोजर चल गया। मौके पर एसपी, सीओ, कोतवाल व भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
आपको बता दें कि ग्राम पच्चावाला, तहसील काशीपुर में सीलिंग की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर अतिक्रमण किये जाने की सूचना पर चकबन्दी विभाग द्वारा मौके पर जाकर जांच की गयी। जिसमें ग्राम पच्चावाला, तहसील काशीपुर में सीलिंग की भूमि के लगभग 500 वर्गफिट भूमि पर 5 अवैध रूप से मजारों का निर्माण पाया गया एवं सीलिंग भूमि पर अतिक्रमण किया जाना पाया गया।
अतिक्रमण पाये जाने पर दिनांक 3.6.2025 को मजार प्रबन्धकों को नोटिस प्रेषित किये गये, जिसमें 15 दिवस के भीतर मजार प्रबन्धकों को उपरोक्त मजारों से सम्बन्धित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने व कोई वैध दस्तावेज होने की दशा में स्वयं उक्त अतिक्रमण को हटाये जाने के निर्देश दिये गये। उक्त अवधि के भीतर किसी भी मजार प्रबन्धक द्वारा नोटिस के क्रम में कोई आपत्ति पेश नहीं की गयी एवं न ही कोई दस्तावेज प्रस्तुत किये गये। मजार प्रबन्धकों को अतिरिक्त 15 दिन का समय दिये जाने के पश्चात् भी उक्त अवैध अतिक्रमण को नहीं हटाया गया।

तत्क्रम में आज दिनांक 3.7.2025 को राजस्व विभाग, चकबन्दी विभाग एवं पुलिस विभाग की टीम द्वारा मौके पर जाकर उक्त अवैध रूप से निर्मित संरचनाओं / मजारों को ध्वस्त करने की कार्यवाही पूर्ण की गयी।
पूर्व में भी ग्राम नीझडा एवं ढकियाकला में अवैध रूप से निर्मित संरचनाओं / मजारों की ध्वस्तीकरण की कार्यवाही पूर्ण की गयी है। सरकारी जमीनों में अन्य अवैध रूप से निर्मित संरचनाओं का चिन्हींकरण किया जा रहा है। जल्दी ही चिन्हींकरण की कार्यवाही पूर्ण होने के उपरान्त नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की जायेगी।
मजारों के ध्वस्तीकरण के दौरान मौके पर एसपी अभय सिंह, सीओ दीपक सिंह, कोतवाल अमर चन्द शर्मा, चौकी इन्जार्च कुण्डेश्वरी चन्दन सिंह बिष्ट एवं अन्य कार्मिक मौजूद रहे।



