रुद्रपुर (महानाद) : पर्वतीय क्षेत्रों व जनपद में लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने वर्चुअल माध्यम से सभी उप जिलाधिकारियों व नगर आयुक्तों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अलर्ट मोड में रहते हुए पैनी नजर रखने के निर्देश दिये। उन्होंने सख्त निदेर्श दिये कि अपना मोबाइल रखें खुला और मुख्यालय में बने रहें।
डीएम भदौरिया ने सभी अधिकारियों को अपने क्षेत्र के नदी, नालों पर नजर रखते हुए, यदि कोई नदी नाला अवरुद्ध है तो उसे तुरन्त खुलवाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि उप जिलाधिकारी, नगर आयुक्त अपने क्षेत्र से लगे क्षेत्र के अधिकारियों से निरंतर संवाद करें व वर्षा आदि के बारे में जानकारियां त्वरित आदान-प्रदान करें। उन्होंने निर्देश दिये कि अपने-अपने क्षेत्र के युवा मंगल दलों, आपदा मित्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं से भी वार्ता कर उनको भी अलर्ट मोड़ में रखें। उन्होंने कहा कि आपदा बचाव उपकरणों व जेसीबी को भी तैयार रखें ताकि किसी प्रकार की आपदा, जल भराव के समय जरूरत पड़ने पर तुरन्त कार्यवाही की जा सके। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी अधिकारी/कर्मचारी अपने मोबाइल खुले रखेंगें तथा अपने मुख्यालय में ही तैनात रहेंगे।
बैठक में सीडीओ दिवेश शाशनी, एडीएम पंकज उपाध्याय, एसडीएम गौरव पाण्डेय, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी सहित सभी उप जिलाधिकारी व नगर आयुक्त वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे।



