spot_img
spot_img
Thursday, February 26, 2026
spot_img

रामनगर : दो गुटों के संघर्ष में 23 साल के सारिम की मौत, अस्पताल में शव छोड़ कर भागे युवक

रामनगर (महानाद) : शाने पंजाब तिराहे के पास 2 गुटों में हुए संघर्ष में 23 साल के सारिम की मौत हो गई। जिसके बाद रात कुछ अज्ञात युवक मृत युवक के शव को सरकारी अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में बेड पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

ग्राम बेड़ाझाल, रामनगर जिला नैनीताल निवासी असरफ अली पुत्र भूरे ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 13.06.2025 की रात्रि करीब 8.35 बजे उसके 23 साल के पुत्र सारिम को उसके साथी अविनाश, विशाल पुत्र प्रेम सिंह, योगेन्द्र, विशाल पुत्र जयलाल, पवन, अंकित उर्फ कबाड़ी, सौरभ आदि अपने साथ गोदाम से लेकर रामनगर गये थे। रात्रि के करीब 12.00 बजे पता चला कि उसके पुत्र सारिम की हत्या हो गयी है। तब वह अपने गांव वालों के साथ आनन-फानन में सरकारी अस्पताल रामनगर पहुंचा, जहां पर उसके पुत्र का शव मोरचरी में रखा था।

असरफ ने बताया कि जब उसने वहां पर मौजूद अन्य लोगों से मालूमात किया तो पता चला कि रात्रि के लगभग 10.45 बजे शाने पंजाब तिराहे के पास उसके पुत्र व उसके साथियों की सिकन्दर पुत्र उस्मान निवासी गूलरघट्टी, अदनान, शाहरुख, फैजान व अन्य दस बारह लोगों के साथ मारपीट हुई थी। इसी दौरान सिकन्दर व उसके साथियों द्वारा एक राय होकर जान से मारने की नीयत से किसी नुकीले/धारदार हथियार से हमला कर उसके पुत्र सारिम की हत्या कर दी।

बता दें कि शुक्रवार रात को कुछ अज्ञात युवक सारिम को लहूलुहान हालत में अस्पताल लाए तथा आपातकालीन कक्ष में बेड पर छोड़कर फरार हो गए। उस समय अस्पताल का स्टाफ एक सड़क हादसे में घायल हुए व्यक्ति के इलाज में व्यस्त था। कुछ समय बाद जब अस्पताल स्टाफ आपातकालीन कक्ष में पहुंचा तो वहां उन्हें सारिम मृत अवस्था में मिला। मृतक के सिर और सीने पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के स्पष्ट निशान थे।

मौके पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल एवं आस-पास में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाले। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कुछ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार गूलरघट्टी निवासी सिकंदर की गर्लफ्रेंड को अविनाश उर्फ चुई निवासी लूटाबढ़ फोन करके परेशान कर रहा था। इसको लेकर सिकंदर और अविनाश में काफी दिन से विवाद चल रहा था। शुक्रवार देर रात 11 बजे के आस-पास दोनों गुट आमने-सामने आ गए। दोनों गुटों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में सिकंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि अविनाश गुट के मौहम्मद सारिम (23 साल) निवासी बेड़ाझाल की मौत हो गई।

वहीं, दूसरी ओर शनिवार को मौहल्ला गूलरघट्टी निवासी पूर्व सभासद मौहम्मद उस्मान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका पुत्र सिकंदर भवानीगंज स्थित ट्रांसपोर्ट पर बैठा था। इसी दौरान चंदन सागर और छोटू अपने साथ 15-20 साथियों के साथ लाठी डंडे और धारदार हथियारों से लैस होकर बाइकों और टेंपू में सवार होकर आए और ट्रासंपोर्ट के अंदर घुसकर गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें सिकंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। सिकंदर को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles