spot_img
spot_img
Sunday, March 8, 2026
spot_img

आईटीआई गैंग की गुंडागर्दी और दहशत खत्म, गैंग लीडर और उसके 3 गुर्गे गिरफ्तार

नैनीताल (महानाद) : पुलिस ने आईटीआई गैंग की गुंडागर्दी और दहशत खत्म करते हुए गैंग लीडर व उसके 3 गुर्गों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।

आपको बता दें कि एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा द्वारा सभी अधीनस्थों को अपराधियों के आपराधिक क्रियाकलापों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए कड़ी कार्यवाही करने हेतु निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के क्रम कल दिनांक 21.08.2025 को कोतवाल हल्द्वानी राजेश कुमार यादव, द्वारा गैंग लीडर देवेन्द्र सिंह बिष्ट पुत्र बलबीर सिंह बिष्ट निवासी गैस गोदाम, छड़ायल, हल्द्वानी सहित कुल 4 सदस्यों का एक सुसंगठित गिरोह चिन्हित किया गया। इस गिरोह का मुख्य लीडर देवेन्द्र सिंह बिष्ट है तथा अन्य सदस्य आदित्य नेगी (25 वर्ष), देवेन्द्र सिंह बोरा (22 वर्ष), नवीन सिंह मेहरा (21 वर्ष) हैं।

गैंग के सभी सदस्य थाना क्षेत्रान्तर्गत मानव शरीर एवं सम्पत्ति सम्बन्धी अपराधों में संलिप्त हैं। इस गैंग द्वारा सुसंगठित होकर थाना हल्द्वानी क्षेत्रान्तर्गत नियमित रूप से अपराध कारित किये जा रहे थे जिनका मुख्य उद्देश्य जनता के साथ लड़ाई झगड़ा/मारपीट करना, डराना धमकाना, सार्वजनिक स्थानों पर फायरिंग करना, तलवारबाजी/चाकूबाजी व लूट की घटना कर लोगों में भय पैदा करना था।

यह गैंग हल्द्वानी क्षेत्रान्तर्गत आईटीआई गैंग के नाम से कुख्यात था। इनके कृत्यों से क्षेत्र की जनता व आम जनमानस में भय व्याप्त था। इस गैंग का स्वच्छन्द विचरण आम जनता के हित में नहीं था। न्यायहित एवं जनहित में इनकी गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु उक्त गैंग का गैंग चार्ट तैयार कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करते हुए गैंग के लीडर व अन्य सदस्यों के विरुद्ध दिनांक 21.08.25 को धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट पंजीकृत कराया गया है। मामले की जांच थानाध्यक्ष कालाढूंगी, प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता द्वारा की जा रही है।

एसएसपी नैनीताल के सख्त निर्देश एवं शीघ्र गिरफ्तारी के आदेश पर गठित पुलिस टीम द्वारा आज दिनाक 22.08.2025 को शीतल होटल के पास टीपी नगर से आईटीआई गैंग के लीडर सहित सभी 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त –
1. देवेन्द्र सिंह बिष्ट पुत्र बलवीर सिंह बिष्ट निवासी गैस गोदाम छड़ायल हल्द्वानी जिला नैनीताल
2. आदित्य नेगी पुत्र कुन्दन नेगी निवासी ए-16 जज फार्म आईटीआई हल्द्वानी जिला नैनीताल।
3. देवेन्द्र सिंह बोरा पुत्र गणेश सिंह बोरा निवासी क्लार्क इन होटल के सामने डहरिया हल्द्वानी जिला नैनीताल।
4. नवीन सिंह मेहरा पुत्र सुरेश सिंह मेहरा निवासी ग्राम टुनाकोट शेरा थाना भवाली जिला नैनीताल, हॉल पीलीकोठी रोड, नीम का पेड़ रौली की पुलिया हल्द्वानी जिला नैनीताल।

पुलिस टीम में थानाध्यक्ष कालाढूंगी निरीक्षक विजय मेहता, कां. विनोद कुमार, ललित नाथ तथा देवेन्द्र सिंह शामिल थे।

नैनीताल पुलिस का संदेश
गुंडागर्दी करने वाले चाहे जितने भी ताकतवर क्यों न हों, कानून से नहीं बच सकते। नैनीताल पुलिस की सख्त कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles