विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : नगर निगम में सफाई कार्य कर रही प्राइवेट कंपनी के संविदा कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल कर रखी है। वहीं, उक्त कर्मचारियों ने बताया कि आज नगर निगम में कार्यक्रम के चलते नगर निगम प्रशासन ने उक्त कर्मचारियों को वहां से हटा दिया। जिसके बाद पहले वे कोतवाली पहुंचे और फिर उसके बाद वे महेशपुरा स्थित सभा के लिए चले गये।
इस दौरान उक्त कर्मचारियों ने बताया कि वर्तमान में वे एमएसडब्लूएम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के माध्यम से कार्य कर रहे हैं। अधिकांश कर्मचारियों का पीएफ एवं ईएसआई उनके ज्वाइन करने की तिथि से नियमित रूप से जमा नहीं हो रहा है। कई कर्मचारियों के मामले में तो ज्वाइनिंग के समय से अब तक पीएफ और ईएसआई की राशि जमा नहीं की गई है, जबकि कुछ कर्मचारियों की केवल कुछ महीनों की ही पीएफ एवं ईएसआई जमा की गई है और शेष महीनों की राशि अभी तक जमा नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि पीएफ एवं ईएसआई कर्मचारियों के अविष्य और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण योजनाएं हैं। इनका समय पर जमा होना प्रत्येक कर्मचारी का अधिकार है और इससे कर्मचारियों को भविष्य में आर्थिक सुरक्षा तथा चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त होती हैं। पीएफ एवं ईएसआई की राशि जमा न होने के कारण कर्मचारियों में चिंता और असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
उन्होंने मेयर दीपक बाली से मांग की है कि इस विषय को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कंपनी को निर्देशित करने का कष्ट करें, ताकि सभी कर्मचारियों का पीएफ एवं ईएसआई उनकी ज्वाइनिंग की तिथि से लेकर वर्तमान समय तक पूर्ण रूप से जमा कराया जा सके और आगे भी नियमित रूप से जमा किया जाता रहे।
वहीं, उन्होंने बताया कि उन्हें ज्वाइनिंग के दौरान आश्वासन दिया गया था कि महिने की 5 तारिक को सैलरी दे दी जाएगी, परन्तु वर्तमान में आज स्थिति ये है कि सैलरी मिलने में महिने की 18 या 19 तारीख हो जाती है। जिसकी वजह से उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ता है।
मौके पर राजू, आशीष कुमार, संजय, ललित, भूरे सिंह, रोहित, आकश, हरकेश, अशोक कुमार, आसिफ, अनिकेत, सुरेश, सिकंदर, विजय, सोनू, अशोक, अमित, राजेश, अमित, तुषार सहित भारी संख्या में संविदा कर्मचारी मौजूद थे।



