विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : काशीपुर कल्याण मंच ने आज नगर निगम पहुंचकर किन्नरों के उत्पीड़न से काशीपुर की जनता को राहत दिलाने पर मेयर दीपक बाली का आभार व्यक्त कर उनका अभिनंदन किया।
आपको बता दें कि काशीपुर में शुभ कार्यों पर बधाई का नेग लेने के नाम पर किन्नरों द्वारा लंबे समय से जनता का घोर उत्पीड़न किया जा रहा था। जनता को उनके उत्पीड़न से बचाने हेतु काशीपुर कल्याण मंच पिछले लंबे समय से प्रयासरत है। मंच ने इस संबंध में काशीपुर के मेयर दीपक बाली से भी कई बार वार्ता कर किन्नरों के उत्पीड़न से निजात दिलवाले की मांग की थी और देहरादून नगर निगम की तरह किन्नरों के नेग की धनराशि तय करने की मांग की थी ताकि तय धनराशि से अधिक धनराशि की मांग कर किन्नर काशीपुर की जनता का उत्पीड़न ना कर सकें। मेयर दीपक बाली ने काशीपुर कल्याण मंच को आश्वासन दिया था कि वह इस संबंध में नगर निगम बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव लाकर उसे पास करायेंगे।
मेयर बाली ने अपना वादा पूरा किया और विगत 12 जून को बोर्ड बैठक में उन्होंने पार्षदों के सहयोग से सर्व सम्मति से प्रस्ताव पास कराकर किन्नरों की नेग की धनराशि अधिकतम 5,100 रुपये तय कर दी। इससे अधिक धनराशि मांगने या दुर्व्यवहार करने पर किन्नरों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम द्वारा यह प्रस्ताव पास कराए जाने पर काशीपुर कल्याण मंच ने मेयर दीपक बाली और उनके बोर्ड का दिल की गहराइयों से आभार व्यक्त किया और आज उनके कार्यालय में पहुंचकर उनका अभिनंदन कर आभार जताया।
इस अवसर पर काशीपुर कल्याण मंच के संयोजक अशोक पैगिया, संजय चतुर्वेदी, कृष्ण कुमार अग्रवाल एडवोकेट, आरपी राय, एमपी गुप्ता, चक्रेश जैन, राजकुमार यादव, ईशान्त अग्रवाल एडवोकेट, विमल गुड़िया, राघवेंद्र नागर, कैलाश चंद्र प्रजापति एडवोकेट आदि शामिल रहे।



