विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : रेलवे स्टेशन रोड पर दशकों पुरानी चली आ रही जल भराव की समस्या के स्थाई निदान हेतु अपने वादे को पूरा करने के लिए रात को घने कोहरे में मेयर दीपक बाली स्टेशन रोड पर पहुंचे और 1.5 माह में बनने वाली पुलिया का मात्र 4 दिन में अत्याधुनिक निर्माण कराने हेतु शिलान्यास कर दिया।

बता दें कि रेलवे स्टेशन रोड पर पुराने स्टेट बैंक के सामने रेलवे की तरफ से जो पानी आता है वह स्टेशन रोड पर आकर गिरता है, लेकिन उसकी निकासी का आज तक कोई भी साधन नहीं था, जिस कारण राधेश्याम बिल्डिंग और स्टेशन रोड पर भारी जल भराव होता था और जनता को भारी असुविधा होती थी।
इस समस्या को मेयर दीपक बाली ने अत्यंत गंभीरता से लिया और उन्होंने इस क्षेत्र के व्यापारियों एवं आम जनता को आश्वस्त किया कि वे कतई भी चिंता ना करें, क्योंकि वह इसका अवश्य निदान कराएंगे। उसी वादे के चलते आज मेयर दीपक बाली रात में 8ः00 बजे घने कोहरे के बीच स्टेशन रोड पर राधेश्याम बिल्डिंग के सामने पहुंचे और वहां 1.5 माह में बनने वाली पुलिया का मात्र 4 दिन में निर्माण के लिए नारियल फोड़ कर, जेसीबी से खुदाई शुरू कराकर पुलिया निर्माण का शिलान्यास कर दिया।
इस दौरान मेयर दीपक बाली ने बताया कि वह काम करना और कराना दोनों जानते हैं, यही कारण है कि उन्होंने लोक निर्माण विभाग से कहकर पुलिया के फैब्रिकेटेड ब्लॉक पहले ही तैयार कराकर मंगवा लिए ताकि हाईवे के चलते जनता को ज्यादा दिनों तक परेशानी ना हो और 1.5 माह में बनने वाली पुलिया मात्र 4 दिन में बन कर तैयार हो जाए।

मेयर बाली ने कहा कि वह अपने शहर की जनता की सेवा के लिए आए हैं और शहर की जनता के भले के लिए जो भी बेहतर होगा वह विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में गंदगी से भरे नालों के ऊपर हुए अतिक्रमण को हटाकर सफाई करने का कार्य तेजी से चल रहा है, जिसमें जनता जनार्दन को अपना पूरा सहयोग देना चाहिए ताकि भविष्य में जल भराव की समस्या पैदा ही न हो। साथ ही उन्होंने जनता से विनम्र अनुरोध किया कि अब कूड़ा गाड़ी हर वार्ड में हर घर तक पहुंच रही है अतः लोग सड़कों पर कूड़ा न डालें और अपने इस शहर को साफ स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग करें। जब तक जनता सहयोग नहीं करेगी तब तक शहर स्वच्छ नहीं हो सकेगा।
इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता ईश्वर चंद्र गुप्ता, चौधरी समरपाल सिंह, लोक निर्माण विभाग के एई परवेज आलम, जेई विजय सैनी, ठेकेदार साजिद नदीम, क्षेत्र के व्यापारी व जनता मौजूद रहे।



