विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एक महिला ने एक राइस मिल मालिक और ठेकेदार पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उसके पुत्र को इतना प्रताड़ित किया कि उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
हेमपुर इस्माइल, हिम्मतपुर, काशीपुर निवासी मोनी पत्नी धर्म सिंह ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र राजेश मनी खुराना की राईस मिल ब्यूटी फुल, पक्की खमरिया, श्मशान घाट के पास, किच्छा, जिला उधम सिंह नगर के यहां पिछले डेढ़ साल से कार्य कर रहा था।
मोनी का आरोप है कि मनी खुराना उनके पुत्र से बन्धुआ मजदूर की तरह से कार्य कराता था तथा मजदूरी के पैसे भी नहीं देता था। उनकी बीमारी के कारण तबीयत खराब रहती है। उक्त मिल का मालिक व ठेकेदार महेश उनके बेटे को घर भी आने नहीं देते थे तथा उनके पुत्र के घर आने के कहने पर उसे जान से मारने की धमकी देते थे तथा उसे काम करने के लिये जबरदस्ती रोक कर रखते थे। यह लोग उनके पुत्र के साथ कई बार मारपीट भी कर चुके हैं।
मोनी ने बताया कि उनका पुत्र दिनांक16.09.2026 की शाम को घर आया था तथा वह काफी परेशान था। उन्होंने पता किया गया तो उसने बताया कि वह अपने मिल मालिक व ठेकेदार महेश से काफी परेशान है तथा वह लोग उसकी मजदूरी के पैसे भी नहीं दे रहे हैं तथा उसके साथ मारपीट करते रहते हैं।
मोनी ने बताया कि मिल मालिक मनी खुराना व ठेकेदार महेश की प्रताड़ना के कारण उनके पुत्र ने दिनांक 17.09.2026 को आत्महत्या कर ली। उनके पुत्र ने आत्महत्या मिल मालिक मनी खुराना व ठेकेदार महेश के द्वारा मारपीट करने, मजदूरी के रुपये न देने के व प्रताड़ना के कारण की है। उन्होंने मनी खुराना व ठेकेदार महेश के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
मोनी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उक्त दोनों लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई हरविन्द्र कुमार के सुपुर्द की है।



