spot_img
spot_img
Thursday, September 24, 2026
spot_img

कांवड़ यात्रा के दौरान 24 घंटे खुले रहेंगे पेट्रोल पंप

देहरादून (महानाद) : कांवड़ यात्रा के दौरान ईंधन और रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने ऋषिकेश क्षेत्र के पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। सभी गैस एजेंसियों को घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक रखने और उपभोक्ताओं तक समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने यह भी तय किया है कि कांवड़ यात्रा की अवधि में रविवार को भी गैस एजेंसियां खुली रहेंगी, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को किसी तरह की दिक्कत न हो।

सुरक्षा के मद्देनजर गैस वितरण में लगे सभी वाहनों पर एजेंसी का स्पष्ट बैनर लगाने, प्रत्येक वाहन में फायर एक्सटिंग्विशर और तौलने का कांटा रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही डिलीवरी कर्मियों के लिए यूनिफॉर्म और पहचान पत्र अनिवार्य किए गए हैं।

पेट्रोल पंप संचालकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा के दौरान सभी पंप 24 घंटे संचालित रहें और पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार बनाए रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं, आपातकालीन सेवाओं और आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

बैठक के दौरान पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी संचालकों ने सुझाव दिया कि ईंधन और गैस के टैंकरों की निर्बाध आवाजाही के लिए कांवड़ यात्रा के दौरान प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक मार्ग खुला रखा जाए। उनका कहना था कि इससे विभिन्न केंद्रों तक समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।

जिला प्रशासन ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान आवश्यक सेवाओं के साथ-साथ आम लोगों और श्रद्धालुओं तक ईंधन एवं रसोई गैस की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है। बैठक में वरिष्ठ पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली सहित विभागीय अधिकारी और पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसी संचालक मौजूद रहे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles