spot_img
spot_img
Saturday, August 1, 2026
spot_img

युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत : धामी

हरिद्वार (महानाद) : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश की सबसे बड़ी पूंजी उसकी युवा शक्ति है और विकसित भारत का सपना युवाओं के दम पर ही साकार होगा। उन्होंने कहा कि आज के युवा केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्टार्टअप और नवाचार के जरिए रोजगार देने वाले उद्यमी भी बन रहे हैं।

हरिद्वार स्थित गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और संस्कारों की महत्वपूर्ण धरोहर है। यहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ चरित्र निर्माण और समाज सेवा की प्रेरणा भी मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 42 वर्ष से कम आयु की है। यही युवा वर्ग भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोले हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी स्वरोजगार और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, कौशल विकास योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, हाउस ऑफ हिमालय, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति और नई फिल्म नीति के जरिए युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडेक्स में उत्तराखंड देश में शीर्ष स्थान पर पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले साढ़े चार वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है और 34 हजार से ज्यादा युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि स्वरोजगार शुरू करने वाले युवाओं को बैंक ऋण लेने में किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए विशेष शिविर लगाकर उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा अपने व्यवसाय की शुरुआत कर सकें।

कार्यक्रम में युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, कुलपति प्रतिभा लूथरा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles