विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : हाईवे पर थार एवं स्कॉर्पियो वाहनों से झुंड बनाकर वाहन चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले युवाओं पर काशीपुर पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है।
आपको बता दें कि दिनांक 8.7.2026 को जसपुर-काशीपुर हाईवे पर कुछ थार एवं स्कॉर्पियो वाहनों में बैठे लड़कों द्वारा एक साथ झुंड में हाइवे पर वाहन चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशानुसार काशीपुर पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों एवं उनके चालकों की पहचान की गई। आज सभी संबंधित वाहनों को कब्जे में लेकर वाहन चालकों को कोतवाली बुलाया गया तथा उनसे भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न करने का लिखित माफीनामा प्राप्त किया गया। इसके उपरांत सभी वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई तथा भविष्य में इस प्रकार के स्टंट, रेसिंग अथवा यातायात नियमों के उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई।
जनता को पुलिस का संदेश –
कुछ क्षणों का रोमांच आपके साथ-साथ अन्य निर्दाेष लोगों की जान भी जोखिम में डाल सकता है। यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। काशीपुर पुलिस सभी वाहन चालकों से अपील करती है कि वाहन हमेशा सुरक्षित एवं निर्धारित गति सीमा के भीतर चलाएं, स्टंट, ओवरस्पीडिंग और लापरवाही से वाहन चलाने से बचें तथा अपने परिवार और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें।
यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें, दूसरों को भी सुरक्षित रखें।



