सलीम अहमद
रामनगर (महानाद) : अयोध्या के राम मंदिर और बदरीनाथ धाम में कथित चढ़ावा एवं चंदा चोरी तथा केदारनाथ मंदिर में कथित सोना चोरी की घटनाओं के विरोध में बुधवार को रामनगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत के नेतृत्व में रानीखेत रोड पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत ने आरोप लगाया कि देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में चढ़ावे और बहुमूल्य आभूषणों की कथित चोरी की घटनाएं अत्यंत गंभीर हैं और इन मामलों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आस्था के केंद्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावा जनता की आस्था का प्रतीक है। यदि इन मामलों में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाई जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से दोषियों को शीघ्र चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



